ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली में 26 जनवरी के बाद तेज होगी शीत लहर, 2 फरवरी तक बारिश के आसार नहीं

दिल्ली में 26 जनवरी के बाद तेज होगी शीत लहर, 2 फरवरी तक बारिश के आसार नहीं

दिल्ली में जारी ठंड के प्रकोप के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि 26 जनवरी के बाद दिल्ली में शीत लहर तेज हो जाएगी। हालांकि, अब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 2 फरवरी...

दिल्ली में 26 जनवरी के बाद तेज होगी शीत लहर, 2 फरवरी तक बारिश के आसार नहीं
नई दिल्ली। एजेंसियां Mon, 24 Jan 2022 04:23 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में जारी ठंड के प्रकोप के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि 26 जनवरी के बाद दिल्ली में शीत लहर तेज हो जाएगी। हालांकि, अब दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में 2 फरवरी तक बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक, आरके जेनामणि ने कहा कि दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में अब दो फरवरी तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ आगे पूर्व की ओर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। 26 जनवरी के बाद दिल्ली में शीत लहर तेज होगी।

दिल्ली में 1901 के बाद इस साल जनवरी में खूब बरसे बदरा, बारिश ने तोड़ा 122 साल का रिकॉर्ड

बता दें कि दिल्ली में इस साल जनवरी महीने में बदरा जमकर बरसे हैं। इस महीने अब तक 88.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में 122 साल बाद जनवरी में हुई यह सबसे अधिक बारिश है। इसकी वजह एक के बाद एक आए पश्चिमी विक्षोभ को माना जा रहा है।

दिल्ली में छाई घने कोहरे की चादर, वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में

दिल्ली और आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और वायु गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई। राजधानी में न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य है। सफदरजंग वेधशाला में आर्द्रता का स्तर 95 फीसदी दर्ज किया गया। इस वेधशाला के आंकड़ों को शहर के लिए आधिकारिक माना जाता है।

पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी रोड वेधशाला में पारा आठ डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से एक डिग्री ज्यादा है।  मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में दिन में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर सर्द स्थिति जारी रहने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। रविवार को अधिकतम तापमान 14.9 और न्यूनतम पारा 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली में हवा की गुणवत्ता 'खराब' श्रेणी में दर्ज की गई है। सुबह आठ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 244 दर्ज किया गया। वहीं दिल्ली से सटे हरियाणा के फरिदाबाद में एक्यूआई 198 और गुरुग्राम में 176 दर्ज किया गया है जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 255, ग्रेटर नोएडा में 233 और नोएडा में एक्यूआई 272 दर्ज किया गया है जो 'खराब' श्रेणी में आता है। 

गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई "अच्छा", 51 और 100 "संतोषजनक", 101 और 200 "मध्यम", 201 और 300 "खराब", 301 और 400 "बहुत खराब", और 401 और 500 "गंभीर" माना जाता है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें