ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRDelhi NCR Rain : दिल्ली में झमाझम बारिश से ठिठुरन फिर बढ़ी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Delhi NCR Rain : दिल्ली में झमाझम बारिश से ठिठुरन फिर बढ़ी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में सोमवार को भी बादल छाए रह सकते हैं और राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हवा की गति छह से 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

Delhi NCR Rain : दिल्ली में झमाझम बारिश से ठिठुरन फिर बढ़ी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
Praveen Sharmaनई दिल्ली | हिन्दुस्तानMon, 30 Jan 2023 05:36 AM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली में रविवार को दिनभर हुई हल्की बारिश से एक बार फिर ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को सुबह आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने और हल्की बारिश एवं गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 10 और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी में रविवार को अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के लिए औसत से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। इस बीच, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। राजधानी के अधिकांश हिस्सों में रविवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे। बादल और हल्के कोहरे के चलते सफदरजंग मौसम केंद्र में सुबह दृश्यता का स्तर 500 मीटर के करीब रहा। करीब दस बजे दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी का सिलसिला शुरू हुआ जो दिनभर चलता रहा। धीरे-धीरे होने वाली बूंदाबांदी में पानी ज्यादा नहीं बरसा, लेकिन धूप नहीं निकलने और घने बादलों के चलते तापमान में खासी गिरावट हुई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में सोमवार को भी बादल छाए रह सकते हैं और राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान हवा की गति छह से 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

ढाई महीने बाद बारिश का दौर : राजधानी पर करीब ढाई महीने बाद बादलों की मेहरबानी हुई है। नवंबर और दिसंबर के महीने में सामान्य से सौ फीसदी बारिश कम हुई थी, जबकि जनवरी के अभी तक के दिनों में एक दो बार बेहद हल्की बूंदाबांदी हुई है। 11 अक्तूबर के बाद पहली बार पूरी दिल्ली व आसपास के एक बड़े हिस्से को भिगोने वाली बारिश हो रही है।

हवा के स्तर में सुधार नहीं : ठंड और कोहरे के बावजूद रविवार को दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार को औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 331 रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों का वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में प्रदूषण के स्तर में गिरावट का अनुमान जताया गया है।

सामान्य से 5 डिग्री कम दर्ज हुआ दिन का तापमान

बारिश के चलते दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री रहा। यह सामान्य से तीन डिग्री कम है। इसके अलावा उत्तरी राज्यों में पंजाब में मुक्तसर दो डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। वहीं हरियाणा में हिसार में सबसे कम चार डिग्री पारा दर्ज हुआ।

पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम का मिजाज

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के चलते मैदानों में ठंड की वापसी हुई है। हिमाचल प्रदेश के उंचे इलाकों रोहतांग, कुंजम दर्रा, बारालाचा सहित सीबी रेंज में भारी बर्फबारी से हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। वहीं, उत्तराखंड भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब-हरियाणा में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

मंगलवार से तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी

मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि मंगलवार से दिल्ली के तापमान में फिर से इजाफा हो सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें