बड़ी राहत, थोड़ी आफत : चिराग दिल्ली फ्लाईओवर का एक हिस्सा खुला, दूसरा कैरिजवे 15 दिन के लिए आधा बंद
ट्रैफिक पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दूसरे कैरिजवे पर चल रहा काम 15 से 16 दिन के भीतर पूरा होने की संभावना है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द काम पूरा करे।

चिराग दिल्ली फ्लाईओवर (Chirag Delhi Flyover) पर जाम की समस्या झेल रहे लोगों के लिए शुक्रवार बड़ी राहत लेकर आया। यहां मरम्मत के लिए बंद किया गया पहला कैरिजवे (नेहरू प्लेस से आईआईटी) अब वाहन चालकों के लिए खोल दिया गया है।
वहीं, वाहन चालकों की परेशानी को देखते हुए दूसरे कैरिजवे को भी आधा ही बंद किया गया है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हुई है, लेकिन उन्हें लंबे समय तक आगे बढ़ने के लिए इंतजार नहीं करना पड़ रहा है।
पीडब्ल्यूडी ने 12 मार्च से चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य शुरू किया था। पहले चरण में पीडब्ल्यूडी द्वारा नेहरू प्लेस से आईआईटी की तरफ जाने वाले कैरिजवे पर काम किया गया। पहले इस कैरिजवे को 25 दिन के लिए बंद किया गया था, लेकिन सरकार के निर्देश पर काम में तेजी आई और 19 दिन में ही कार्य पूरा कर लिया गया। शुक्रवार से इस कैरिजवे को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया।
पीडब्ल्यूडी ने दूसरे कैरिजवे पर मरम्मत कार्य शुक्रवार से शुरू किया। लोगों की परेशानी कम करने के लिए कैरिजवे के आधे हिस्से को बंद किया गया है, जबकि आधे हिस्से पर वाहनों की आवाजाही जारी है। इससे शुक्रवार को वाहनों की एक किलोमीटर से ज्यादा लंबी कतार (आईआईटी से नेहरू प्लेस की दिशा में) लगी नजर आई। फ्लाईओवर की शुरुआत में ट्रैफिक पुलिस के साथ निजी सुरक्षाकर्मी भी तैनात किए गए हैं। यहां से भारी वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से निकाला जा रहा है, जबकि अन्य वाहनों को ऊपर से जाने दिया जा रहा है। इस कैरिजवे से दो लेन में ट्रैफिक निकल रहा है।
अन्य रास्तों पर भी दिखा असर
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के पहले कैरिजवे को खोले जाने से अन्य दोनों रास्तों पर भी राहत दिखी। मूलचंद की तरफ से आने वाले वाहनों को लालबत्ती पर 5 से 6 मिनट का इंतजार करना पड़ रहा है, जबकि खानपुर की ओर से आने वाले वाहनों को 8 से 10 मिनट लालबत्ती पार करने में लग रहे हैं। उधर, आईआईटी से नेहरू प्लेस की तरफ जाने वाले वाहनों को भी लगभग 10 मिनट चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पार करने में लग रहे हैं।
16 से पूरी तरह खुलेगा
ट्रैफिक पुलिस के सूत्रों ने बताया कि दूसरे कैरिजवे पर चल रहा काम 15 से 16 दिन के भीतर पूरा होने की संभावना है। पीडब्ल्यूडी की तरफ से ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह जल्द से जल्द काम पूरा करे। मौके पर काम कर रहे मजदूरों की मानें तो इस कैरिजवे में पहले कैरिजवे के मुकाबले मरम्मत कार्य कम है, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि वह 15 से 16 अप्रैल तक यह कार्य पूरा कर लेंगे।
वैकल्पिक मार्ग इस्तेमाल करें
वाहन चालकों को जाम से बचाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने जगह-जगह बोर्ड लगाकर लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। आईआईटी से नेहरू प्लेस और ग्रेटर कैलाश की तरफ जाने वाले पंचशील फ्लाईओवर से अगस्त क्रांति मार्ग, रिंग रोड, मूलचंद फ्लाईओवर और लाला लाजपत राय मार्ग होते हुए जा सकते हैं।