अगले सप्ताह से बंद हो सकता है चिराग दिल्ली फ्लाईओवर, इन रूट्स पर हो सकती है परेशानी
कई महीनों से चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मरम्मत का कार्य लटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी द्वारा इस कार्य को किया जाना है। उन्होंने बीते वर्ष इसके लिए अनुमति भी ट्रैफिक पुलिस से ली थी

इस खबर को सुनें
आश्रम फ्लाईओवर पर चल रहे निर्माण कार्य के बाद अब जल्द ही पीडब्ल्यूडी द्वारा चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा। अगले सप्ताह से इस कार्य को शुरु किया जा सकता है। पीडब्ल्यूडी द्वारा ट्रैफिक पुलिस से इसके लिए एनओसी मांगी गई है। सूत्रों की माने तो चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के एक-एक कैरिज-वे को 25-25 दिन के लिए बंद किया जाएगा। इससे दक्षिण दिल्ली के लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कई महीनों से चिराग दिल्ली फ्लाईओवर पर मरम्मत का कार्य लटका हुआ है। पीडब्ल्यूडी द्वारा इस कार्य को किया जाना है। उन्होंने बीते वर्ष इसके लिए अनुमति भी ट्रैफिक पुलिस से ली थी, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। बीते जनवरी माह में भी उन्होंने ट्रैफिक पुलिस से यहां मरम्मत कार्य शुरू करने की अनुमति मांगी थी, लेकिन आश्रम पर चल रहे कार्य एवं गणतंत्र दिवस की तैयारियों के चलते उन्हें ठहरने की सलाह दी गई थी। अब जल्द ही यहां पर मरम्मत कार्य शुरू होने की योजना है। ट्रैफिक पुलिस अगले सप्ताह से यहां पर निर्माण कार्य के लिए एनओसी देने पर विचार कर रही है।
एक कैरिज को किया जा सकता है बंद
सूत्रों ने बताया कि आश्रम पर काफी जाम अभी भी लग रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए पीडब्ल्यूडी एक साथ पूरे फ्लाईओवर को बंद नहीं करेगी। इसकी जगह फ्लाईओवर के एक कैरिज को 25 दिनों के लिए बंद किया जाएगा। वहीं दूसरा कैरिज-वे इस दौरान चालू रहेगा। बाद में जब दूसरे कैरिज-वे पर कार्य होगा तो पहले कैरिज-वे को वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। इस कार्य के चलते चिराग दिल्ली, मालवीय नगर, आईआईटी, साकेत, अंबेडकर नगर, ग्रेटर कैलाश, कालकाजी आदि इलाकों में जाम की समस्या हो सकती है। ट्रैफिक पुलिस इसे ध्यान में रखते हुए डाइवर्जन तैयार कर रही है।
आश्रम का कार्य जल्द होगा पूरा
आश्रम फ्लाईओवर पर चल रहा निर्माण कार्य अगले 15 दिनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। यहां पर दोनों तरफ पैनल लगभग पूरे लग चुके हैं। अगले कुछ दिनों में मिट्टी का भराव भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद यहां पर रोड़ी को बिछाकर उसके ऊपर सड़क बनाने का काम किया जाएगा। गुरुवार को उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी इसका निरीक्षण किया था। उन्होंने दावा किया है कि यह फ्लाईओवर समय पर खुल जाएगा। यहां पर ट्रैफिक पुलिस के तमाम प्रयासों के बावजूद जाम लग रहा है। इसके साथ ही आसपास की सड़कों पर भी लगातार वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या देखने को मिल रही है। खासतौर से बारापुला, सराय काले खां, मथुरा रोड, सीवी रमन मार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।