ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRऑफिस में कुर्सी को लेकर खूनी झगड़ा, बाहर निकलते ही साथी को मार दी गोली

ऑफिस में कुर्सी को लेकर खूनी झगड़ा, बाहर निकलते ही साथी को मार दी गोली

हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित एक फाइनेंसियल कंपनी में दो कर्मचारियों के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक कर्मचारी दूसरे कर्मचारी की जान का दुश्मन बन गया।

ऑफिस में कुर्सी को लेकर खूनी झगड़ा, बाहर निकलते ही साथी को मार दी गोली
Mohammad Azamभाषा,गुरुग्रामThu, 30 Mar 2023 10:34 AM
ऐप पर पढ़ें

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ऑफिस में कुर्सी को लेकर हुए विवाद में कंपनी के एक कर्मचारी ने अपने साथी कर्मचारी को गोली मार दी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोली लगने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका एक प्राइवेट अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। 

दरअसल हरियाणा के गुरुग्राम में स्थित एक फाइनेंसियल कंपनी में दो कर्मचारियों के बीच कुर्सी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक कर्मचारी दूसरे कर्मचारी की जान का दुश्मन बन गया। उसने साथी कर्मचारी को गोली मार दी। गोली लगने से एक कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गया है। उसका इलाज किया जा रहा है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हरियाणा के हिसार का रहने वाला है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़ित की पहचान गुरुग्राम के सेक्टर-9 की फिरोज गांधी कॉलोनी में रहने वाले विशाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गोली लगने के बाद उन्हें जानकारी दी गई जिसके बाद वो घटनास्थल पर पहुंच गए थे। इसके बाद पीड़ित को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस ने बताया कि विशाल के परिजन को इस बारे में सूचित किया गया और पीड़ित के भाई की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और शस्त्र कानून की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विशाल ने अपने बयान में कहा कि उसकी कार्यालय में कुर्सी को लेकर अपने सहकर्मी अमन जांगड़ा से मंगलवार को बहस हो गई थी। 

पुलिस ने बताया कि विशाल और अमन के बीच बुधवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ, जिसके बाद वह ऑफिस से बाहर चला गया। पुलिस के अनुसार, विशाल ने आरोप लगाया कि जब वह सड़क पर चल रहा था, तो अमन पीछे से आया और उसने पिस्तौल से उस पर गोली चला दी। इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) वीरेंद्र विज ने कहा कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं। हम जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें