ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRकिसान आंदोलन छोड़कर गए लोगों से वापस आने का आह्वान, नरेश टिकैत बोले- आंदोलन ही किसानों का असली हथियार

किसान आंदोलन छोड़कर गए लोगों से वापस आने का आह्वान, नरेश टिकैत बोले- आंदोलन ही किसानों का असली हथियार

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन छोड़कर जाने वाले सहयोगियों से वापस लौटने की अपील की है। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों का सबसे बड़ा हथियार आंदोलन है। देशभर के किसान एकजुट...

किसान आंदोलन छोड़कर गए लोगों से वापस आने का आह्वान, नरेश टिकैत बोले- आंदोलन ही किसानों का असली हथियार
गाजियाबाद। प्रमुख संवाददाताThu, 18 Mar 2021 01:45 PM
ऐप पर पढ़ें

भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने आंदोलन छोड़कर जाने वाले सहयोगियों से वापस लौटने की अपील की है। भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों का सबसे बड़ा हथियार आंदोलन है। देशभर के किसान एकजुट होकर आंदोलन में भागीदारी करें। जो आंदोलन छोड़कर चले गए हैं वह लौटकर वापस आएं नहीं तो उन्हें लड़ाई न लड़ने का मलाल होगा।

जानकारी के अनुसार, यूपी गेट बॉर्डर पर बुधवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक बैठक का आयोजन पंचायत के रूप में किया गया। मंच से किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने कहा कि जो लोग बुरे वक्त में आंदोलन का साथ छोड़ गए, वे भी आंदोलन में पुन: शामिल हो जाएं, एकता में शक्ति है। उन्होंने कहा कि सरकारें आंदोलन को तोड़ने के लिए फूट डालने का काम करती हैं, आंदोलन से जाने वाले भी अपने ही हैं। उन्हें इन कृषि कानूनों के खिलाफ लड़ाई न लड़ने का मलाल रहेगा।

किसानों का असली हथियार आंदोलन : नरेश टिकैत ने कहा कि किसानों का असली हथियार आंदोलन ही है। सरकार आंदोलन कमजोर करने के कौन-कौन से हथकंडे अपनाती है, ये सब जानते हैं। एकता से ही आंदोलन किसी मुकाम पर पहुंचेगा। भाकियू नेता ने कहा कि कई बार राजनीतिक दल सत्ता के लिए हथकंडे इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने सरकार को पूरा सहयोग दिया, लेकिन सरकार ने वादा खिलाफी की।

राज्यपाल के बयान को हिम्मत वाला बताया : मेघालय के राज्यपाल सतपाल मलिक के किसान आंदोलन को लेकर आए बयान पर भाकियू अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने जैसी हिम्मत दिखाई वह सबके बस की बात नहीं है। सब किसानों का अच्छा बुरा समझते हैं, बस बोलते हुए डरते हैं।

होली के स्थानीय गीत गाए : किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सारी परिस्थितियों आपकी जीत की ओर इशारा कर रही हैं। संबोधन के अंत में नरेश टिकैत ने भाजपा नेता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखवाया। नरेश टिकैत के मंच पर पहुंचने से पहले होली की तैयारी में ढोल की थाप पर होली के स्थानीय गीत गाए गए। इस दौरान यहां मौजूद किसानों में काफी उत्साह देखा गया। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाएगी वह यहां से नहीं जाएंगे।

अगली बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण निर्णय

भाकियू अध्यक्ष नरेश टिकैत ने आंदोलनस्थल पर ही भाकियू की प्रत्येक माह 17 तारीख को होने वाली बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के बाद उन्होंने बैठक के निर्णय सार्वजनिक करने से इनकार करते हुए कहा कि यूपी गेट बॉर्डर पर तीन अप्रैल को होने वाली अगली बैठक के दिन ही आज के निर्णयों के बारे में पता चलेगा। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश चौहान, अनिल तालान, बुद्धा सिंह प्रधान, गजेंद्र सिंह, राजपाल शर्मा और सलीम आदि ने भाग लिया। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें