ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRकांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा नेता ने बेटे से नाता तोड़ा

कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा नेता ने बेटे से नाता तोड़ा

उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक नेता ने अपने बेटे से सिर्फ इसलिए रिश्ता तोड़ दिया क्योंकि उन्हें कांग्रेस ने गौतमबुद्धनगर सीट से लोकसभा का टिकट दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने उनके...

कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद भाजपा नेता ने बेटे से नाता तोड़ा
नोएडा | एजेंसीWed, 20 Mar 2019 03:21 PM
ऐप पर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक नेता ने अपने बेटे से सिर्फ इसलिए रिश्ता तोड़ दिया क्योंकि उन्हें कांग्रेस ने गौतमबुद्धनगर सीट से लोकसभा का टिकट दिया है। भाजपा नेता ने कहा कि विपक्षी पार्टी ने उनके परिवार में राजनीतिक मतभेदों का फायदा उठाया है।

कांग्रेस ने शनिवार को गौतमबुद्धनगर लोकसभा सीट से भाजपा एमएलसी जयवीर सिंह के बेटे डॉ. अरविंद सिंह चौहान की उम्मीदवारी का ऐलान किया। इस सीट से फिलहाल केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा सांसद हैं। समाजवादी पार्टी-बहुजन समाज पार्टी (सपा-बसपा गठबंधन) पहले ही सतवीर नागर को इस सीट से उम्मीदवार बना चुकी है। भाजपा ने अब तक अपने प्रत्याशी का ऐलान नहीं किया।

न्यूज एजेंसी भाषा के अनुसार, 17 मार्च को फेसबुक पर लिखे एक पोस्ट में एमएलसी जयवीर सिंह ने कहा कि उनकी पत्नी राज कुमारी चौहान, उनके तीनों बेटे, एक भतीजा भाजपा के प्रति पूरी तरह से वफादार हैं और पार्टी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक नीतियों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। 

जयवीर सिंह ने कहा, ''मेरे बेटे अरविंद ने दो साल पहले अपनी शादी के बाद अलग विचारधारा व्यक्त करना शुरू कर दी और परिवार से अलग रहना शुरू कर दिया। जयवीर सिंह ने कहा कि वह 2017 में भाजपा में शामिल हुए थे। अरविंद ने भाजपा का विरोध किया था और पार्टी की सदस्यता नहीं ली थी।

उन्होंने कहा कि लिहाजा, उन्हें (नोएडा अंतरराष्ट्रीय) विश्वविद्यालय के चांसलर के पद से मुक्त कर दिया गया। अब उनके साथ सभी सामाजिक और राजनीतिक रिश्ते खत्म किए जाते हैं।

जयवीर सिंह ने कहा, ''मेरे परिवार में राजनीतिक मतभेदों का फायदा उठाते हुए कांग्रेस ने यह रणनीतिक कदम उठाया और राजनीतिक साजिश रची। कई बार संपर्क करने पर भी डॉ. अरविंद सिंह चौहान से संपर्क नहीं हो पाया।

ज्ञात हो कि जयवीर सिंह बरौली विधानसभा सीट से बसपा के विधायक रहे चुके हैं। वहीं जयवीर की पत्नी राज कुमारी चौहान 2009 से 2014 तक अलीगढ़ से बसपा की लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें