ग्रेटर नोएडा : भाजपा प्रत्याशी के भाई ने युवक की गोली मारकर की हत्या
दनकौर कस्बे में सोमवार की देर रात भाजपा प्रत्याशी के चचेरे भाईयों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। भाजपा प्रत्याशी नगर पंचायत के चेयरमैन पद का चुनाव लड़ रहा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला...
दनकौर कस्बे में सोमवार की देर रात भाजपा प्रत्याशी के चचेरे भाईयों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। भाजपा प्रत्याशी नगर पंचायत के चेयरमैन पद का चुनाव लड़ रहा है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे चुनावी रंजिश बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस इसे स्वर्णकारी के कारोबार के विवाद से जोड़ रही है। वहीं एसएसपी ने लापरवाही बरतने पर दरोगा प्रीतम सिंह को निलंबित कर दिया है।
दनकौर पुलिस ने बताया कि सोमवार की देर रात कस्बा निवासी सागर पुत्र पवन शर्मा घर जा रहा था। द्रोण मंदिर के पास मनोज उर्फ टीटू और दीपक पुत्र राम अवतार वर्मा ने सागर को गोली मार दी। घायल अवस्था में उसे ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गोली लगने की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और माहौल को संभाला। मृतक के भाई अभिमन्यु ने मनोज और दीपक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करवाया है। मामला दर्ज करनके बाद एक आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाजपा प्रत्याशी के चचेरे भाई है आरोपी : दनकौर नगर पंचायत के चेयरमैन पद भाजपा के टिकट पर सोनू वर्मा चुनाव लड़ रहे है। हत्या करने वाले आरोपी सोनू वर्मा के चचेरे भाई है। सागर की हत्या लाइसेंसी रिवाल्वर से की गई है। हत्या के बाद से दनकौर में राजनैतिक माहौल गरमा गया है। सोमवार की सुबह पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया है। कस्बे में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। वहीं अन्य प्रत्याशियों और व्यापारियों ने बाजार बंद करवा दिया है। उधर लापरवाही बरतने पर एसएसपी लव कुमार ने दनकौर थाने के दरोगा प्रीतम सिंह को निलंबित कर दिया है।