अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक! जो बाइडेन के काफिले की कार में चालक ने बैठा दी सवारी
भारत की राजधानी दिल्ली में हो रहे जी-20 समिट में हिस्सा लेने आए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) की सुरक्षा में शनिवार को कथित तौर पर एक बड़ी चूक देखने को मिली।

भारत की राजधानी दिल्ली में हो रहे जी-20 समिट में हिस्सा लेने आए अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe Biden) की सुरक्षा में शनिवार को कथित तौर पर एक बड़ी चूक देखने को मिली। बाइडेन के काफिले में शामिल गाड़ी को शनिवार सुबह दूसरे होटल में यात्री पहुंचाते हुए सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया। इस कार पर होटल और प्रगति मैदान में प्रवेश करने से संबंधित पास लगे हुए थे।
घटना का पता चलते ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं। पूछताछ में पता चला कि यह कार बाइडेन के काफिले में शामिल है। इसे आईटीसी मौर्या होटल से प्रगति मैदान जाना था, लेकिन इससे पहले चालक गाड़ी को यात्री लाने के लिए इस्तेमाल करने लगा।
बाइडेन नई दिल्ली स्थित आईटीसी मौर्या होटल में ठहरे हुए हैं। शनिवार को होटल से प्रगति मैदान स्थित आयोजन स्थल तक जाने के लिए अमेरिका के काफिले में लगभग 60 गाड़ियां शामिल रहीं। इसमें शामिल कुछ गाड़ियां अमेरिका से आई हैं, जबकि अन्य गाड़ियां भारत से मुहैया करवाई गई हैं। इनमें कुछ गाड़ियों को किराये पर लिया गया है। इसमें हरियाणा नंबर की एक अर्टिगा कार भी शामिल थी, जिसे काफिले में आगे चलना था।
अमेरिकी राष्ट्रपति के काफिले को सुबह लगभग 8 बजे होटल से निकलना था। इससे पहले अर्टिगा गाड़ी के चालक राधेश्याम के पास एक यात्री ने कॉल की, जो अक्सर उसकी गाड़ी दिल्ली आने पर इस्तेमाल करता है। उसे होटल ताज मान सिंह जाना था, इसलिए चालक लोधी स्टेट से यात्री को लेने और उसे होटल तक छोड़ने के लिए चला गया। कार पर सुरक्षा से संबंधित पास लगे थे, इसलिए किसी जगह उसे रोका नहीं गया, लेकिन वह जब होटल में पहुंचा तो वहां सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया। इस होटल में यूएई के राष्ट्रपति ठहरे हुए हैं।
विभिन्न एजेंसियों ने कई घंटे पूछताछ की
मामला बेहद संवेदनशील होने के कारण तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी गई। उन्होंने चालक को हिरासत में ले लिया। चालक के साथ ही यात्री से भी कई घंटे तक अलग-अलग एजेंसियों ने पूछताछ की। प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि चालक यात्री को छोड़ने के मकसद से ही यह गाड़ी लेकर चला गया था। फिलहाल इस गाड़ी से सभी पास हटा लिए गए हैं। इसकी जगह शनिवार को ही दूसरी गाड़ी अमेरिकी राष्ट्रपति के काफिले में शामिल की गई।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaप्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। करीब डेढ़ दशक से हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया का अनुभव भी हासिल कर चुके हैं। एक दशक से भी अधिक लंबा समय वह डिजिटल मीडिया में बिता चुके हैं।
प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी। इसके बाद वह थोड़े समय नेशनल दुनिया अखबार में भी रहे। वहां से निकलकर उन्होंने मार्च 2014 में न्यूज 18 के साथ डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में कदम रखा। वर्ष 2018 में वह लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े।
वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। इन्हें डिजिटल रीडर्स की पसंद और बदलते ट्रेंड्स को समझकर गहराई और सटीकता के साथ खबरें लिखने का अच्छा खासा अनुभव है। वह सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखते हैं। उन्हें राजनीतिक विषयों पर खबरें लिखने और पढ़ने का शौक है।
प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है।
और पढ़ें

