ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRअतीक अहमद की हत्या करने वाले को मिली थी टिल्लू की सुपारी, उसी गन से माफिया को मार दिया

अतीक अहमद की हत्या करने वाले को मिली थी टिल्लू की सुपारी, उसी गन से माफिया को मार दिया

सोढ़ी ने सनी को तुर्किये की दोनों पिस्टल टिल्लू की हत्या के लिए दी थी लेकिन इसकी भनक टिल्लू को लग गई। उसने 24 सितंबर 2021 को गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की दिल्ली रोहिणी कोर्ट के भीतर हत्या करा दी।

अतीक अहमद की हत्या करने वाले को मिली थी टिल्लू की सुपारी, उसी गन से माफिया को मार दिया
Nishant Nandanहिन्दुस्तान,नई दिल्लीWed, 03 May 2023 07:16 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली के गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई है। यह वही टिल्लू ताजपुरिया था, जिसे मारने की सुपारी अतीक-अशरफ के हत्यारोपित सनी सिंह को मिली थी। टिल्लू की हत्या के लिए तुर्किये की जो जिगाना पिस्टल सनी सिंह को दी गई थी, उसी से सनी ने अतीक और अशरफ की हत्या कर दी। फिलहाल अतीक हत्याकांड के आरोपितों की प्रतापगढ़ जेल में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दिल्ली निवासी जितेंद्र उर्फ गोगी गैंगस्टर था। जरायम की दुनिया में टिल्लू ताजपुरिया से उसकी टशन चल रही थी। जितेंद्र ने टिल्लू को खत्म करने के लिए अपने गुर्गे मेरठ निवासी सोढ़ी को हुकुम दिया। टिल्लू की हत्या के लिए तुर्किये की दो जिगाना पिस्टल मंगा ली गई। इस बीच सोढ़ी की हमीरपुर निवासी मोहित उर्फ सनी सिंह से मुलाकात हुई। 

सोढ़ी ने सनी को तुर्किये की दोनों पिस्टल टिल्लू की हत्या के लिए दी थी लेकिन इसकी भनक टिल्लू को लग गई। उसने 24 सितंबर 2021 को गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की दिल्ली रोहिणी कोर्ट के भीतर हत्या करा दी। इसके बाद सोढ़ी ने अपने सभी साथियों को अंडरग्राउंड कर दिया। सनी भी विदेशी पिस्टल लेकर छिप गया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सनी सिंह के खिलाफ यूपी में 2019 में आखिरी एफआईआर दर्ज हुई थी। जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद सनी एनसीआर में जितेंद्र गैंग से मिला था। सितंबर 2021 में जितेंद्र की हत्या के बाद सनी किसके संपर्क में आया, यह पता नहीं चला।

अचानक 15 अप्रैल 2023 को अतीक और अशरफ को उसी तुर्किये पिस्टल से सनी ने हत्या की, जिससे टिल्लू को मारना था। सनी अपने साथी लवलेश तिवारी और अरुण मौर्य के साथ सरेंडर कर दिया। वर्तमान में तीनों आरोपित प्रतापगढ़ जेल में बंद हैं। टिल्लू की हत्या के बाद एक बार फिर सनी सिंह का नाम सुर्खियों में है।

1 साल 8 महीने पहले हुए कत्ल का बदला

रोहिणी कोर्ट में 24 सितंबर 2021 की दोपहर वकील की ड्रेस में आए दो बदमाशों ने कुख्यात गैंगस्टर जितेन्द्र गोगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कोर्ट रूम में हुई वारदात की जांच में सामने आया कि टिल्लू ताजपुरिया के गैंग ने इसे अंजाम दिया। हत्याकांड की साजिश मंडोली जेल में बंद टिल्लू ने रची थी और हत्या से पहले तक वह लाइव चैट के जरिए दोनों हमलावरों के संपर्क में था। एक साल आठ माह बाद गोगी गैंग ने जितेन्द्र के कत्ल का बदला ले लिया।

सूत्रों ने बताया कि जितेन्द्र की हत्या के बाद उसके गिरोह ने टिल्लू गैंग के कई आरोपियों को निशाना बनाया। कई बार हत्या की साजिश रची गई, लेकिन हर बार दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गोगी गिरोह की इस साजिश को फेल कर दिया। पुलिस ने इस दौरान गोगी गैंग के आठ शूटरों को पकड़ा, जो हथियार के साथ गैंगवार को अंजाम देने के लिए आए थे। कई बार योजना फेल सूत्रों का कहना है कि टिल्लू की हत्या से पहले कई बार योजना बनाई गई, लेकिन हर बार फेल होती चली गई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें