ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली का फंड काट तालिबान का बढ़ाना कितना सही? केंद्र सरकार पर बरसे सीएम केजरीवाल

दिल्ली का फंड काट तालिबान का बढ़ाना कितना सही? केंद्र सरकार पर बरसे सीएम केजरीवाल

केंद्रीय बजट पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल निशाना (Arvind Kejriwal) साधते हुए पूछा है कि दिल्ली का फंड काट कर तालिबान को फंड देना क्या सही है? लोग इसका सख्त विरोध कर रहे हैं। पढ़ें यह रिपोर्ट...

दिल्ली का फंड काट तालिबान का बढ़ाना कितना सही? केंद्र सरकार पर बरसे सीएम केजरीवाल
Krishna Singhलाइव हिंदुस्तान,नई दिल्लीSat, 04 Feb 2023 03:14 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आम बजट को लेकर एक बार केंद्र पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा- अपने देश में शिक्षा, स्वास्थ्य और दिल्ली का फंड काट कर क्या तालिबान को फंड देना सही है? लोग इसका सख्त विरोध कर रहे हैं। इसके साथ ही केजरीवाल ने समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट को टैग भी किया है। इसमें खामा प्रेस के हवाले से कहा है कि तालिबान ने भारत के केंद्रीय बजट 2023-2024 का स्वागत किया है। तालिबान का कहना है कि अफगानिस्तान के लिए भारत द्वारा की गई सहायता की घोषणा से दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

तालिबान की यह टिप्पणी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट में अफगानिस्तान के लिए 2.5 करोड़ डॉलर के विकास सहायता पैकेज के प्रस्ताव के बाद आई है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक भारत ने अफगानिस्तान को विकास सहायता में 200 करोड़ रुपये देने का वादा किया है। तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर नियंत्रण हासिल करने के बाद भारत की ओर से मदद करने का यह दूसरा साल है। खामा प्रेस के मुताबिक, शुरुआती घोषणा पिछले साल के बजट में की गई थी।

भारत की बजट घोषणा का स्वागत करते हुए तालिबान के पूर्व नेगोशिएशन टीम के सदस्य सुहैल शाहीन ने कहा- हम अफगानिस्तान के विकास के लिए भारत के समर्थन की सराहना करते हैं। यह दोनों देशों के बीच संबंधों और विश्वास को बेहतर बनाने में मदद करेगा। सनद रहे जब अगस्त 2021 में तालिबान ने काबुल की सत्ता पर कब्जा कर लिया था, तो अफगानिस्तान और भारत के बीच संबंध तनावपूर्ण हो गए थे। भारत ओर से समर्थित अधिकांश पहल रोक दी गई थीं। 

केजरीवाल दिल्ली को आवंटित किए गए बजट पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। केजरीवाल ने बुधवार को कहा था कि पिछले साल 1.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक का आयकर चुकाने के बावजूद दिल्ली को केंद्रीय बजट 2023-24 में केवल 325 करोड़ रुपये आवंटित किए गए। केजरीवाल ने एक के बाद एक अपने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा- दिल्ली के लोगों के साथ एक बार फिर सौतेला व्यवहार। दिल्ली के लोगों ने पिछले साल 1.75 लाख करोड़ से ज्यादा का आयकर चुकाया। उसमें से दिल्ली के विकास के लिए केवल 325 करोड़ रुपये दिए गए। यह दिल्ली के लोगों के साथ घोर अन्याय है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें