ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRफरीदाबाद के बड़खल में चला नगर निगम का बुलडोजर, खाली कराई 10 एकड़ जमीन

फरीदाबाद के बड़खल में चला नगर निगम का बुलडोजर, खाली कराई 10 एकड़ जमीन

गुरुग्राम-पाली मोड़ के समीप बड़खल कॉलोनी में नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने गुरुवार को करीब 200 अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। तोड़फोड़ दस्ता सुबह करीब 11 बजे उजड़ी बड़खल पहुंचा।

फरीदाबाद के बड़खल में चला नगर निगम का बुलडोजर, खाली कराई 10 एकड़ जमीन
Sneha Baluniवरिष्ठ संवाददाता,फरीदाबादFri, 09 Jun 2023 06:43 AM
ऐप पर पढ़ें

गुरुग्राम-पाली मोड़ के समीप बड़खल कॉलोनी में नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते ने गुरुवार को करीब 200 अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया। इस कॉलोनी में बीते वर्ष अक्तूबर में अवैध निर्माण ध्वस्त करके करीब 10 एकड़ जमीन खाली करवाई गई थी, कुछ लोग फिर से रहने लगे थे। नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता सुबह करीब 11 बजे गुरुग्राम मार्ग स्थित उजड़ी बड़खल कॉलोनी में पहुंचा। यहां लोगों ने अस्थाई रूप से ईंटों को लगाकर तिरपाल और पॉलीथिन लगाकर रहने का इंतजाम किया हुआ था। 

तोड़फोड़ दस्ते के कर्मचारियों ने लोगों को अपना सामान बचाने के लिए कहा तो वहां लोग भड़क गए। महिलाओं ने विरोध किया, लेकिन पुलिस बल के सामने किसी की एक नहीं चली और जेसीबी ने ईंटों से किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। ऐसे करीब 200 लोगों ने अतिक्रमण किया हुआ था जिन्हें हटा दिया गया। रहीस, शबनम, सलीम, विनोद, शहजाद आदि ने बताया कि उनके पास रहने की कोई और जगह नहीं है। उन्होंने जीवन भर की कमाई से यहां मकान बनाया था, वे यहां बीते चालीस साल से रह रहे थे, लेकिन बीते वर्ष नगर निगम ने एकाएक ही उनके मकान ढहा दिए। अब कहां जाए, इसलिए अपने मकान की जमीन पर ही पॉलीथिन डालकर रह रहे हैं। 

नगर निगम के कर्मचारी और सत्ताधारी लोग इंसानियत भूल चुके हैं। उन्होंने जमीन खरीदकर मकान बनाए थे इसलिए उनका भी पुनर्वास किया जाना चाहिए। अरावली की वन क्षेत्र की जमीन को रसूखदारों ने मिलीभगत से गरीब लोगों को बेच दिया। सस्ते के चक्कर में लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से छोटी-छोटी जगह लेकर अपने आशियाने बना लिए। सर्वोच्च न्यायालय ने अरावली में अवैध निर्माण हटाने के आदेश दिए तो नगर निगम अरावली में बसी ऐसी बस्तियों को हटा दिया। नगर निगम के अतिरिक्त निगमायुक्त गौरव अंतिल ने बताया कि बड़खल कॉलोनी में कुछ लोगों ने फिर से अवैध कब्जे और अतिक्रमण कर लिए थे, जिन्हें गुरुवार को हटा दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें