ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली में पानी सप्लाई ठप कर सकते हैं नाराज किसान

दिल्ली में पानी सप्लाई ठप कर सकते हैं नाराज किसान

किसान क्रांति यात्रा जैसे-जैसे दिल्ली की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की बदइंतजामी और शासन की बेरुखी से किसान नाराज हैं। नाराज किसानों का एक गुट अब आक्रामक...

दिल्ली में पानी सप्लाई ठप कर सकते हैं नाराज किसान
मेरठ। मुख्य संवाददाताMon, 01 Oct 2018 02:33 PM
ऐप पर पढ़ें

किसान क्रांति यात्रा जैसे-जैसे दिल्ली की ओर बढ़ रही है, वैसे-वैसे किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की बदइंतजामी और शासन की बेरुखी से किसान नाराज हैं। नाराज किसानों का एक गुट अब आक्रामक रवैया अपनाने की बात कह रहा है, जिनका दावा है कि यदि उनकी अनदेखी होती रही तो वह दिल्ली की पानी की सप्लाई भी ठप कर देंगे और अन्य चीजों की आपूर्ति भी रोकी जाएगी।

हरिद्वार स्थित टिकैत घाट से प्रारम्भ हुई किसान क्रांति यात्रा दिल्ली में किसान घाट तक जा रही है। इसमें हजारों की संख्या में देश भर से आए किसान शामिल हैं। किसानों की यह क्रांति यात्रा अब बड़े जनसैलाब में तब्दील हो चुकी है और लगातार इसमें किसानों की संख्या बढ़ रही है। इन किसानों में प्रशासन की बदइंतजामी को लेकर गुस्सा है। किसानों ने मेरठ में आने से पहले ही एलान कर दिया था कि वह टोल फ्री कराएंगे और वहीं आराम करेंगे।

किसान क्रांति यात्रा गाजियाबाद पहुंची, कल दिल्ली कूच की तैयारी-VIDEO

यहां आकर उन्होंने टोल फ्री कराया और वहीं पर आराम किया। उनकी नाराजगी के बाद ही यहां उनके लिए पानी और अन्य व्यवस्थाएं हुई थीं, लेकिन इन व्यवस्थाओं से किसान संतुष्ट नहीं हुए। दूसरी ओर सात दिन में यह यात्रा करीब 140 किमी का सफर तय कर चुकी है, लेकिन अभी तक भी केन्द्र सरकार की ओर से किसानों से वार्ता का कोई प्रयास नहीं हुआ है। केन्द्र की ओर से किसी भी नेता या अधिकारी ने किसानों से वार्ता कर उनका पक्ष जानने का प्रयास नहीं किया, जिसको लेकर किसानों में गुस्सा बढ़ रहा है। नाराज किसानों में युवा किसानों का एक धड़ा ऐसा भी है, जो आक्रामक रवैया अपनाने की बात कर रहा है, लेकिन अधिकांश किसान शांतिपूर्ण ढंग से ही अपनी बात रखने का समर्थन कर रहे हैं।

वह इन्हें समझाने में जुटे हैं। उनका दावा है कि वह कहीं किसी को परेशान नहीं होने देंगे और शांतिपूर्ण ढंग से ही यात्रा निकाली जाएगी। उधर, कुछ किसान ऐसे भी हैं, जो दिल्ली की पानी सप्लाई और अन्य चीजों की आपूर्ति रोकने की बात कर रहे हैं। इस संभावना के चलते दिनभर खुफिया विभाग के अधिकारी यह टोह लेने में लगे रहे कि किसानों की आगे की रणनीति क्या होगी। इस संभावना के बाद अब मुरादनगर स्थित गंगनहर के प्लांट पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जा रही है। इस प्लांट से ही साउथ दिल्ली में पानी की सप्लाई होती है।

किसानों ने लगाया अनदेखी का आरोप

भाकियू के मंडल अध्यक्ष मांगेराम त्यागी का कहना है कि प्रशासन ने किसानों की अनदेखी की है और यहां पर किसानों के लिए पानी तक की समुचित व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा प्रदेश और केन्द्र सरकार किसानों की अनदेखी कर रही है, जिनकी समस्या को नहीं सुना जा रहा है। इस अनदेखी को सहन नहीं किया जाएगा। किसान दिल्ली की पानी की सप्लाई और अन्य आपूर्ति रोकने की भी मांग रख रहे हैं और दबाव बना रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। पहले वह शांति से दिल्ली में अपनी बात रखेंगे और यदि वहां पर उनकी नहीं सुनी जाती है तो फिर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें