थ्री डी थी भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार, अमित शाह ने निशाना साध मतलब भी बताया
थ्री डी फिल्म तो देखते हैं मगर पूरे भारत में थ्री डी सरकार हुड्डा जी ने दिखाई। इसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे। भाजपा के नेतृत्व में विकास करने वाली सरकार बनी। खट्टर जी मुख्मयंत्री बने

इस खबर को सुनें
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के फरीदाबाद में हरियाणा की पूर्व सरकारों पर जमकर निशाना साधा। अमित शाह ने यहा कहा कि 8 साल पहले का हरियाणा आप याद करिए। एक सरकार बनती थी तो भ्रष्टाचार होता था और दूसरी सरकार आती थी तो गुंडागिरी बढ़ती थी। मनोहर लाल खट्टर की भाजपा सरकार ने ना भ्रष्टाचार होने दिया और ना ही गुंडागिरी को समाप्त कर हरियाणा को सलामत बनाने का काम किया। अंत में हुड्डा जी की थ्री डी सरकार थी। थ्री डी फिल्म तो देखते हैं मगर पूरे भारत में थ्री डी सरकार हुड्डा जी ने दिखाई। इसमें दरबारी थे, दामाद थे और डीलर थे। भाजपा के नेतृत्व में विकास करने वाली सरकार बनी। भारतीय जनता पार्टी की सरकार मोदी जी के नेतृत्व में बनी और मनोहर लाल खट्टर मुख्यमंत्री बने।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना का शिलान्यास और तीन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनकी कुल लागत करीब 6,629 करोड़ रुपये है। शाह ने फरीदाबाद के सेक्टर 12 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में ऑनलाइन माध्यम से इन परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने 5,618 करोड़ रुपये की लागत वाली हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी। शाह ने सोनीपत के बरही में 590 करोड़ रुपये के रेल कोच नवीनीकरण कारखाने और रोहतक में 315.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देश के पहले सबसे लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन किया।
अमित शाह ने बताया कि हरियाणा में 1000 बेटों के सामने 817 बेटियां थीं। लिंगानुपात बहुत गिरा हुआ था। मोदी जी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ को से की और यह 817 से बढ़कर 913 तक पहुंच गया। यह हरियाणा के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। आठ साल के अंदर पूरे देश को सुरक्षित किया है। खट्टर सरकार ने यहां सभी गुंडों का सफाया किया। गृहमंत्री ने आगे कहा कि गुरूग्राम को सबसे बड़ा उद्योग का एक हब बनाने का काम हरियाणा सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा हर क्षेत्र में विकास कर रहा है।