ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News NCRदिल्ली में तीन दिन में तीनों निगमों में बदल जाएंगे महापौर, चुनाव की तारीख घोषित

दिल्ली में तीन दिन में तीनों निगमों में बदल जाएंगे महापौर, चुनाव की तारीख घोषित

राजधानी के तीनों निगमों में महापौर पद के लिए चुनावों की घोषणा कर दी गई है। बीते साल कोरोना की वजह से एक ही दिन में तीनों निगमों के महापौर बदल गए थे, लेकिन वर्ष 2021 में तीन दिन में तीनों महापौर...

दिल्ली में तीन दिन में तीनों निगमों में बदल जाएंगे महापौर, चुनाव की तारीख घोषित
नई दिल्ली। प्रमुख संवाददाताTue, 13 Apr 2021 09:09 PM
ऐप पर पढ़ें

राजधानी के तीनों निगमों में महापौर पद के लिए चुनावों की घोषणा कर दी गई है। बीते साल कोरोना की वजह से एक ही दिन में तीनों निगमों के महापौर बदल गए थे, लेकिन वर्ष 2021 में तीन दिन में तीनों महापौर बदल जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, उत्तरी निगम में 27 अप्रैल को, दक्षिण निगम में 28 अप्रैल तथा पूर्वी दिल्ली में 29 अप्रैल को चुनाव होंगे। नामांकन भरने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल है।

इस साल महापौर के चुनाव सही समय पर हो रहे हैं, जबकि वर्ष 2020 में यह चुनाव जून महीने में हुए थे। पहला नवरात्र को महापौर पद के चुनावों की घोषणा होते ही अनेक पार्षदों के दिलों की धड़कन तेज हो गई है। महापौर पद के लिए यह अंतिम वर्ष है और उसके बाद वर्ष 2022 में नगर निगम के चुनाव तय हैं।

जानकारी के मुताबिक, महापौर पद के लिए पहला वर्ष महिला और तीसरा वर्ष अनुसूचित जाति के सदस्य के लिए आरक्षित रहता है। महापौर पद के लिए अब यह पांचवां और अंतिम वर्ष है। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को जैसे ही महापौर चुनाव की तारीख की घोषणा हुई, वैसे ही तीनों निगमों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।

सूत्रों का कहना है कि महापौर की दौड़ में एक-एक निगम से लगभग आठ-आठ पार्षद अपना भाग्य आजमाने में पूरी शिद्दत से जुट गए हैं। इनमें महिला तथा पुरुष पार्षद दोनों ही शामिल हैं। एक पार्षद ऐसे हैं जो वर्तमान में महापौर हैं, लेकिन पुन:महापौर बनने की हसरत दिल में लिए हुए हैं। महापौर की दौड़ में लगे सभी पार्षद अपने-अपने वरिष्ठ राजनीतिक आकाओं की परिक्रमा में जुट गए हैं।

माना जा रहा है कि महापौर के नाम नामांकन की तारीख से ठीक एक दिन पहले तय कर दिए जाएंगे और देर रात तक उनके नामों की घोषणा नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए होगी। महापौर चुने जाने के बाद उप-महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराए जाएंगे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें