दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने दिल्ली के स्कूली लड़कों द्वारा इंस्टाग्राम पर ब्वॉयज लॉकर रूम (Boys Locker Room) नाम से बनाए गए चैट ग्रुप में बलात्कार को बढ़ावा देने से जुड़े मामले में मंगलवार को कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग स्कूली छात्र को पकड़ा है। पुलिस ने पकड़े गए छात्र का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है और उसकी जांच भी की जा रही है। इसके साथ ही इस ग्रुप से जुड़े लगभग सभी सदस्यों (21) की पहचान भी कर ली गई है। उन सब की की जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, फोटो शेयरिंग सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर एक चैट ग्रुप द्वारा नाबालिग लड़कियों की फोटो का गलत इस्तेमाल करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। दिल्ली महिला आयोग ने सोमवार को दिल्ली पुलिस और इंस्टाग्राम को इस संबंध में नोटिस जारी किया था। वहीं, दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा था कि वे इस मामले में जांच शुरू कर चुके हैं और उन्होंने इंस्टाग्रााम में इस चैट ग्रुप से संबंधित जानकारी मांगी है।
दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक 'ब्वॉयज लॉकर रूम' नाम से कुछ लोगों ने चैट ग्रुप बना रखा था। इसके जरिए नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें साझा की जा रही थीं और उन्हें ऑब्जेक्टिफाइड किया जा रहा था। दक्षिण दिल्ली की एक लड़की द्वारा सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट शेयर करने के बाद इस चैट ग्रुप के साथ ऐसे ही अन्य ग्रुप के बारे में जानकारी सामने आई और इस मामले पर लोगों की नजर गई।
लड़की ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'दक्षिण दिल्ली के 17-18 साल की उम्र के लड़कों का एक ग्रुप है, जिसका नाम 'ब्वॉयज लॉकर रूम' है, जहां कम उम्र की लड़कियों की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक बनाया जा रहा था। मेरे स्कूल के दो लड़के इसका हिस्सा हैं।' लड़की ने समूह में शामिल लड़कों की सूची और उनके चैट के स्क्रीनशॉट को भी साझा किया, जहां उन्हें लड़कियों की तस्वीरें साझा करते हुए और उन पर टिप्पणी करते हुए देखा जा सकता है। इस ग्रुप में वे गैंगरेप करने की योजना बनाते भी देखे जा रहे हैं।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा कि यह एक आपराधिक और दुष्कर्म मानसिकता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हम इंस्टाग्राम और दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। इस ग्रुप के सभी लड़कों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।