दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में 145 साल बाद पहली बार किसी महिला को मिली कमान, जानें कौन हैं नई प्रिंसिपल
दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज के 145 साल के इतिहास में यह एक ऐतिहासिक क्षण है। कॉलेज की कमान पहली बार किसी महिला के हाथों में जाना न केवल संस्थान के लिए बल्कि महिला सशक्तिकरण की दृष्टि से भी बहुत बड़ी खबर है।

दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने मंगलवार को प्रोफेसर सुसान एलियास को नई प्रिंसिपल नियुक्त किया है। वह कॉलेज की 14वीं प्रिंसिपल हैं। इसके साथ ही वह 145 साल से भी ज्यादा पुराने इस संस्थान की कमान संभालने वाली पहली महिला भी बन गई हैं। साल 1881 में स्थापित सेंट स्टीफंस कॉलेज दिल्ली यूनिवर्सिटी के सबसे पुराने कॉलेजों में से एक है।
कॉलेज की ओर से मंगलवार को जारी एक आधिकारिक नोटिस के अनुसार, यह नियुक्ति 1 जून, 2026 से प्रभावी होगी। इस नोटिस पर दिल्ली के बिशप और कॉलेज के चेयरमैन, Rt Revd डॉ. पॉल स्वरूप के हस्ताक्षर हैं।
कॉलेज की 14वीं प्रिंसिपल होंगी सुसान एलियास
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, नोटिस में कहा गया है, "कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि प्रोफेसर सुसान एलियास 1 जून, 2026 से कॉलेज की 14वीं प्रिंसिपल और इसकी पहली महिला प्रिंसिपल के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगी।"
बता दें कि, कॉलेज में नियुक्तियों से जुड़ी प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रियाओं के चलते यहां प्रिंसिपल का पद लंबे समय से खाली पड़ा था।
प्रो. सुसान के पास 3 दशक का लंबा अनुभव
प्रो. सुसान एलियास के पास तीन दशक से भी अधिक का एकेडमिक और एडमिनिस्ट्रेटिव अनुभव है, जो मुख्य रूप से दक्षिण भारत के इंजीनियरिंग और अनुसंधान संस्थानों में रहा है।उनके प्रोफेशनल प्रोफाइल पर नजर डालें तो पता चलता है कि वह हाल ही में जनवरी से मई 2026 तक चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, उत्तर प्रदेश में प्रो-वाइस चांसलर (रिसर्च) के पद पर भी काम कर चुकी हैं।
कई बड़े संस्थानों में बड़े पदों पर किया काम
उससे पहले, वह अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 के बीच हिंदुस्तान यूनिवर्सिटी में डायरेक्टर (रिसर्च) थीं। उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भी कई पदों पर काम किया है, जिनमें स्कूल ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में प्रोफेसर और डीन, सेंटर फॉर एडवांस्ड डेटा साइंस में प्रोफेसर और डिप्टी डायरेक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में एसोसिएट प्रोफेसर और डिपार्टमेंट हेड जैसे बड़े पद शामिल हैं।


