
नोए़़डा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत 5 सड़कों पर 15 दिसंबर से घटेगी गाड़ियों की स्पीड लिमिट
कोहरे और सर्दी में सड़क हादसों को रोकने के लिए नोएडा में एमपी-2 एलिवेटेड रोड और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत पांच सड़कों पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम की जाएगी। यह व्यवस्था अगले सप्ताह 15 दिसंबर की रात 12 बजे से लागू होगी।
कोहरे और सर्दी में सड़क हादसों को रोकने के लिए नोएडा में एमपी-2 एलिवेटेड रोड और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत पांच सड़कों पर गाड़ियों की स्पीड लिमिट कम की जाएगी। यह व्यवस्था अगले सप्ताह 15 दिसंबर की रात 12 बजे से लागू होगी, जो 15 फरवरी 2026 की रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने नई स्पीड लिमिट के तहत कैमरे सेट करने के लिए नोएडा प्राधिकरण को पत्र लिख दिया है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, एमपी टू एलिवेटेड रोड के अलावा मास्टर प्लान रोड नंबर-1 पर सेक्टर-3 रजनीगंधा अंडरपास से सेक्टर-57 चौराहे तक, मास्टर प्लान रोड नंबर-2 पर सेक्टर-16ए फिल्म सिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-61 अंडरपास तक और डीएससी रोड पर सेक्टर-1 से फेज टू तक यह नियम लागू होगा।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीन रंजन ने बताया कि वाहन चालकों को सोमवार रात से नई स्पीड लिमिट के हिसाब से चलना होगा, वरना चालान हो जाएगा। हादसे रोकने के लिए यह कदम उठायाग गया है।
यह रफ्तार रहेगी
● एमपी टू एलिवेटेड रोड: हल्के वाहन-50 किलोमीटर और भारी वाहन-40 किलोमीटर प्रति घंटे
● मास्टर प्लान रोड नंबर-1, 2 और डीएससी रोड : हल्के वाहन-60 किलोमीटर और भारी वाहन-50 किलोमीटर प्रति घंटे
ग्रेनो एक्सप्रेसवे पर भी घटेगी गति सीमा
वहीं, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भी सर्दी में कोहरे के दौरान होने वाले सड़क हादसे रोकने को वाहनों की गति सीमा कम की जाएगी। हल्के वाहनों के लिए गति सीमा 100 से घटाकर 75 और भारी वाहनों के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। यह व्यवस्था 15 दिसंबर से 15 फरवरी 2026 तक लागू रहेगी।





