
साउथ एशियन यूनिवर्सिटी यौन शोषण : छात्रा को 3 दिन से मिल रही थी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी
दिल्ली के मैदान गढ़ी में साउथ एशियन यूनिवर्सिटी कैंपस में बीटेक की छात्रा के साथ सामूहिक यौन शोषण के मामले ने यूनिवर्सिटी में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता को वारदात से तीन दिन पहले से अभद्र मैसेज और धमकियां मिल रही थीं।
दक्षिणी दिल्ली के मैदान गढ़ी इलाके में स्थित साउथ एशियन यूनिवर्सिटी कैंपस में बीटेक की छात्रा के साथ सामूहिक यौन शोषण के मामले ने यूनिवर्सिटी में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता को वारदात से तीन दिन पहले से अभद्र मैसेज और धमकियां मिल रही थीं। आरोपी ने ई-मेल और टेलीग्राम के जरिए छात्रा की प्रोफाइल फोटो को एआई की मदद से अश्लील बनाकर भेजा और वायरल करने की धमकी दी थी। इसके बाद छात्रा को गेट नंबर तीन पर बुलाया, जहां देर रात वारदात को अंजाम दिया गया।

वारदात वाले दिन व्हाट्सऐप पर आए मैसेज : पीड़िता ने बताया कि पहले दिन आरोपी ने उसे गेस्ट हाउस के पास आने के लिए कहा था, जिसे उसने अनदेखा कर दिया। दूसरे दिन फिर से धमकी भरा ई-मेल आया, जिसमें आरोपी ने अभद्र इमोजी भेजकर हॉस्टल के बाहर आने को कहा। पीड़िता ने तुरंत अपने साथियों को दिखाया, उन्होंने रात 11:27 बजे जांच की, लेकिन कोई नहीं मिला। वारदात वाले दिन वॉट्सऐप और टेलीग्राम पर मैसेज आए, जिसमें आरोपी ने धमकी दी कि यदि वह गेट नंबर तीन पर नहीं मिली तो फोटो यूनिवर्सिटी में सभी छात्रों को ई-मेल कर दी जाएगी। इसके बाद पीड़िता अकेले गेट नंबर तीन की ओर गई थी।
चार लोग वारदात में शामिल : पीड़ित छात्रा ने बताया कि वह अकेले हॉस्टल के पीछे से गई। सी ब्लॉक के पास भीड़ थी, इसलिए एडमिन ब्लॉक के साइड से वहां पहुंची। कुछ दूरी पर एक सुरक्षाकर्मी था, जिसने उसे रोका और फोन किया। इसके बाद तीन लोग आए और मारपीट करने लगे। आरोपी ने उसे बंद कमरे में ले जाने की कोशिश की, लेकिन मैस की कार्ट साइड से आवाज आने पर भाग गए।
हॉस्टल इंचार्ज पर आरोप
छात्रों ने हॉस्टल इंचार्ज पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हॉस्टल इंचार्ज ने पीड़िता की बात सुनने के बाद भी पुलिस को सूचना नहीं दी, डांट-फटकार लगाई और अपशब्द कहे। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सुबह तक कोई कदम नहीं उठाया तो छात्रों ने खुद पुलिस को सूचित किया।
दोस्तों को आपबीती बताई
पीड़िता के साथी उसे हॉस्टल में न पाकर तलाश में जुट गए। फोन बंद होने के बाद पीड़िता ने एमपी थियेटर के पास अपना फोन ऑन किया और साथियों से संपर्क किया। इसके बाद छात्रा को हॉस्टल लाया गया। पीड़िता ने अपने साथियों को आपबीती बताई।
कॉलेज कैंपस में छात्रा से सामूहिक यौन शोषण
गौरतलब है कि, साउथ एशियन यूनिवर्सिटी कैंपस में रविवार रात बीटेक की 18 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक यौन शोषण की शर्मनाक वारदात सामने आई है। पीड़िता ने परिसर में तैनात एक सुरक्षाकर्मी और उसके तीन परिचितों पर यह आरोप लगाया है। मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने सोमवार देर रात पीड़िता के बयान पर सामूहिक यौन शोषण, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली गई है।
चंपारण की रहने वाली है छात्रा : डीसीपी अंकित चौहान के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बिहार के चंपारण की रहने वाली है। सोमवार को छात्रा के एक साथी ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। टीम मौके पर पहुंची तो छात्रा ने पूरी वारदात बताई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर मेडिकल परीक्षण कराने के बाद बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से सभी सुरक्षा कर्मियों की लिस्ट मांगी है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। छात्रा ने जिस क्षेत्र को वारदात स्थल बताया, वह यूनिवर्सिटी कैंपस में निर्माणाधीन हिस्सा है। मंगलवार सुबह पुलिस ने उस हिस्से को बंद करा दिया है और जांच शुरू कर दी है।
आरोपियों ने जबरन दवा खिलाने का प्रयास किया
पीड़िता ने बताया कि सभागार के पास चार लोगों ने उसे जबरन पकड़ लिया। उसके बाद वे उसे जबरन दवा खिलाने की कोशिश कर रहे थे। आरोपी उसे एक कमरे में ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन मेस की तरफ से किसी के आने की आवाज सुनकर फरार हो गए।
परिसर में 15 दिन पहले ही आई थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, पीड़ित छात्रा कोटा में एक साल बिताने के बाद 15 दिन पहले ही यूनिवर्सिटी परिसर में आई थी। काउंसलिंग के दौरान उसने बताया कि माता-पिता के अलग होने के बाद वह अवसाद का इलाज करवा रही है। छात्रा के पिता बिहार में और मां मुंबई में रहती हैं।
यूनिवर्सिटी ने कमेटी का गठन किया
साउथ एशियन यूनिवर्सिटी के अधिकारी ने बताया कि कथित यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के लिए विशेष कमेटी का गठन किया गया है। यूनिवर्सिटी ने पीड़ित छात्रा को हरसंभव मदद और सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है, ताकि वह सुरक्षित महसूस कर सके।



