Hindi Newsएनसीआर Newssonu sood and wrestler the great khali duped, delhi conman arrested for Rs 970 crore fraud in 5 countries
सोनू सूद और खली को भी लगाया चूना; दिल्ली के ठग ने 5 देशों में 970 करोड़ रुपये ठगे

सोनू सूद और खली को भी लगाया चूना; दिल्ली के ठग ने 5 देशों में 970 करोड़ रुपये ठगे

संक्षेप:

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए अंतर्राष्ट्रीय ठग रविंद्र नाथ सोनी अमेरिका और दुबई समेत पांच देशों में 970 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दे चुका है। इतना ही नहीं उसने बॉलीवुड ऐक्टर सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली को चूना लगाया था।

Dec 06, 2025 07:39 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली/कानपुर
share Share
Follow Us on

दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए अंतर्राष्ट्रीय ठग रविंद्र नाथ सोनी अमेरिका और दुबई समेत पांच देशों में 970 करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दे चुका है। इतना ही नहीं उसने बॉलीवुड ऐक्टर सोनू सूद और रेसलर द ग्रेट खली को चूना लगाया था।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार दिल्ली के मालवीय नगर के निवासी रविंद्र नाथ सोनी अंतरराष्ट्रीय ठग निकला। उसे कानपुर में 42.29 लाख की ठगी के मामले में देहरादून से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की छानबीन में पता चला है कि उसने दुबई समेत पांच देशों में 970 करोड़ रुपये की ठगी की है। उसने हवाला और क्रिप्टो के जरिये दूसरे मुल्कों से पैसा भारत में मंगवाया। उसके पैसे, खाते और अन्य गतिविधियों का संचालन अमेरिका में बैठकर एक महिला कर रही है। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा मामला है।

पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी तादाद में की गई ठगी का पैसा हथियारों की तस्करी और ड्रग्स रैकेट से जुड़ा है। पुलिस टीमें इसकी जांच में जुटी हैं। दरअसल शुक्रवार को दुबई से आए एक कलाकार ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की और उन्हें रविंद्र नाथ सोनी की कारगुजारियों का काला चिट्ठा भी सौंपा। रविंद्र ने उनसे भी 4 करोड़ रुपये ठग लिए थे। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि शुक्रवार को दुबई से एक पीड़ित उनसे मिलने पहुंचा। उसने बताया कि वह फिल्म इंडस्ट्री में काम करते हैं। रविंद्र ने उनसे हर माह चार से पांच फीसद ब्याज का वादा कर अपनी कंपनी में चार करोड़ रुपये निवेश कराए थे। करीब एक साल तक उसने ब्याज भी दिया। रुपये निवेश कराने के बाद वह गारंटी के तौर पर चेक देता था। इसी दौरान वह दुबई में एक मामले में पकड़ा गया। इसके बाद उसने पैसा वापस कर दिया तो केस भी खत्म हो गया। वह भारत भाग आया। इसके बाद दुबई में कई लोगों ने केस भी दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि दुबई से कई और लोग एक दो दिन में भारत आएंगे और पुलिस कमिश्नर को साक्ष्य प्रस्तुत करेंगे। इस मामले में पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि जांच में 970 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन मिला है। भारत में ही नहीं उसने अपना ठगी का जाल अमेरिका, जापान, मलेशिया और दुबई तक फैला रखा था।

बॉलीवुड अभिनेता के भी रुपये हड़पे

दुबई से आए पीड़ित और फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले अभिनेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि रविंद्र नाथ सोनी ने अभिनेता सोनू सूद और द ग्रेट खली को अपनी कंपनी का ब्रांड एंबेसडर बताया। दुबई में कई कार्यक्रम कराए। इसके बाद उनका भी आधा पैसा हड़प लिया। उसने ब्लू चिप कंपनी की 11 सिस्टर कंपनियां बनाईं। कंपनियों में निवेश पर हर माह चार से पांच फीसदी ब्याज देने का आश्वासन देकर लोगों से करोड़ों रुपये ठग लिए। पुलिस के मुताबिक, अब तक 70 लाख और अधिकतम 12 करोड़ रुपये की ठगी की जानकारी मिली है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।