ज्ञानेश कुमार का क्या अकेले इस्तीफा करा सकते हैं अभिजीत दीपके? सोनम वांगचुक का आया जवाब
सोनम वांगचुक ने कहा है कि विपक्षी दलों को साथ आकर चुनावी सुधार के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छे मकसद के लिए सभी लोगों को साथ मिलकर काम करना चाहिए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन चलाने जा रही कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने पिछले दिनों विपक्षी दलों से अपील की कि जब तक चुनावी प्रक्रिया साफ-सुथरी ना हो जाए, वे चुनाव में हिस्सा ही ना लें। सीजेपी के जंतर-मंतर आंदोलन को सफल बनाने के अहम किरदार सोनम वांगचुक ने अब इस पर अपनी राय जाहिर की है। उन्होंने विपक्षी दलों से चुनाव बहिष्कार की अपील पर कहा कि सबसे पहले इन दलों को पूरी जान लगाकर चुनावी प्रक्रिया की सफाई के लिए काम करना चाहिए। क्या विपक्षी दलों के समर्थन के बिना अकेले अभिजीत दीपके ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा करा सकते हैं? इस सवाल पर समाजिक कार्यकर्ता ने कहा कि सबको साथ आना चाहिए।
'द देशभक्त' नाम के एक यूट्यूब चैनल के साथ पॉडकास्ट में सोनम वांगचुक से अभिजीत दीपके की उस अपील पर सवाल किया गया जिसमें सीजेपी प्रमुख ने कहा कि विपक्षी दलों को यदि लगता है कि चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी है तो उन्हें फिलहाल इसमें हिस्सा नहीं लेना चाहिए। क्या विपक्षी दलों को अब चुनाव नहीं लड़ना चाहिए? इसके जवाब में वांगचुक ने कहा, 'नहीं, मैं तो यह कहूंगा कि अभी जो कर रहा है विपक्ष वह करें। साफ करें और फिर चुनावी प्रक्रिया में जरूर हिस्सा लें। ना लें, यह तो नहीं कहूंगा। मगर लें यह भी नहीं कहूंगा। मैं कहूंगा कि सबसे पहले इसे साफ करने में पूरी जी जान लगाएं। साफ करें और फिर...।'
क्या अभिजीत दीपके ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ले पाएंगे?
क्या कॉकरोच जनता पार्टी अकेले ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा ले सकती है या विपक्ष को साथ आना पड़ेगा? वांगचुक ने कहा, 'यह तो सवाल भी नहीं होना चाहिए कि कोई अकेला करे। क्यों करे कोई अकेला। अगर आपमें नैतिक बल है कि गलत हो रहा है तो सबको मिलकर करना चाहिए। यह तो सवाल नहीं होना चाहिए कि कौन आए और कौन नहीं। मेरे ख्याल से जब भी कुछ गलत हो रहा है तो सही सोच वालों को साथ आकर ही सफाई करनी चाहिए।'
आंदोलन में एकता के सवाल पर सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान भी इसकी कमी थी। उन्होंने कहा, 'जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान भी एकता नहीं दिखी थी। यह समस्या है हमारे देश में। हम मुद्दे को नहीं खुद को बड़ा मानते हैं। वहां सबको था कि हम रिफॉर्म लगाएंगे या इस्तीफा कराएंगे।' वांगचुक ने कहा कि कौन अगुआई कर रहा है उस पर ज्यादा ध्यान ज्याता है, इसके बजाय कि किस मुद्दे पर कर रहे हैं।'
क्या खुद शामिल होंगे वांगचुक?
सोनम वांगचुक ने कहा कि वह चुनाव सुधार के मकसद से किए जा रहे आंदोलन के समर्थन में हैं, लेकिन खुद इसमें शामिल नहीं हो पाएंगे। वांगचुक ने कहा कि कई विपक्षी दल और सीजेपी इस मुद्दे पर काम कर रहे हैं, इसलिए उनकी जरूरत यहां नहीं है, बल्कि उनकी जरूरत लद्दाख में वहां के मुद्दों को लेकर है।

