Sonam Wangchuk hunger strike: वांगचुक से मिलने पहुंचे केजरीवाल, डिंपल और टिकैत; जानिए किसने क्या कहा?

Sonam Wangchuk hunger strike: दिल्ली में जंतर-मंतर पर आमरण अनशन कर रहे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 19वां दिन है। आज उनसे मिलने अरविंद केजरीवाल और डिंपल यादव पहुंची। जानिए CJP प्रोटेस्ट को लेकर किसने क्या कहा।

Sonam Wangchuk hunger strike: वांगचुक से मिलने पहुंचे केजरीवाल, डिंपल और टिकैत; जानिए किसने क्या कहा?

dimple and akhilesh met Sonam Wangchuk

Praveen Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली |
WhatsAppFacebookX
हमें फॉलो करेंGoogle NewsYouTube

Sonam Wangchuk hunger strike: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज 19 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद और एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। उनके स्वास्थ्य को देखते हुए देशभर के नेता-अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने की बात कही। हालांकि सोनम वांगुचक ने इससे इंकार कर दिया। इस दौरान उनसे मिलने के लिए जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव, किसान नेता राकेश टिकैत समेत कई नामी लोग पहुंचे।

उनकी सेहत पर नजर रखने वाले सीनियर जनरल फिजिशियन डॉ. सतीश लांबा की ओर से गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक भूख हड़ताल शुरू करने के बाद से उनका वजन 9 किलोग्राम से अधिक कम हो गया है। उन्होंने बताया कि वांगचुक के ब्लड में शुगर का स्तर 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर था, जबकि उनकी पल्स रेट 72 बीट प्रति मिनट थी। वांगचुक ने कहा है कि जब तक सरकार से कोई जवाब नहीं मिलता वो भूख हड़ताल नहीं तोड़ेंगे, क्योंकि ऐसा करने से गलत संदेश जाएगा। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और सोनम वांगचुक नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग रहे हैं।

सोनम वांगचुक की हालत नाजुक, अगला स्टेज खतरनाक हो सकता है- डॉक्टर

वांगचुक की मेडिकल टीम के प्रमुख डॉ. सतीश लांबा के मुताबिक, 28 जून से शुरू हुए अनशन के बाद अब तक उनका वजन 9 किलो से ज्यादा घट चुका है। उनका मौजूदा वजन 56.9 किलोग्राम रह गया है। फिलहाल मेडिकल टीम 24 घंटे उनकी निगरानी कर रही है। शरीर पहले ग्लूकोज, फिर फैट और फिर मांसपेशियों को खाने लगा है। डॉ सतीश लांबा के मुताबिक- “सोनम वांगचुक की हालत नाजुक बनी हुई है। अगला चरण बेहद चिंताजनक हो सकता है। शरीर के अंग प्रभावित हो सकते हैं। यदि ऐसा हुआ तो स्थिति बहुत गंभीर हो जाएगी।”

Share

'नहीं तो भूत बनकर आऊंगा'- सोनम वांगचुक

केजरीवाल पूछते हैं- 'कैसे हैं आप? 19वां दिन।' इस सवाल पर सोनम वांगचुक ने हौले से मुस्कराते हुए कहा- 'उस हिसाब से ठीक हूं।' इस पर केजरीवाल ने हल्की मुस्कान के साथ पूछा- 'फीलिंग ऑल राइट।' तो वांगचुक ने हां में सर हिला दिया। इसके बाद केजरीवाल ने कहा कि आप ये छोड़ दीजिए। इस पर वांगचुक ने कहा- 'इसे सफल बनाना है।' इसके बाद हल्के अंदाज में मुस्कराते हुए कहा- 'इसे सफल बनाकर ही छोड़ूंगा, नहीं तो भूत बनकर आऊंगा।'

Share

बस 4 दिन और… योगेंद्र यादव ने CJP प्रोटेस्ट पर कही बड़ी बात

योगेंद्र यादव ने आखिर में कहा- "समाज की आत्मा जाग रही है। बस अब 4 दिन और हैं। झूठ फैलाने वाला मीडिया क्या क्या खेल करेगा, आप लोग देखते जाइए। लेकिन अब उनके पांव भी उखड़ने शुरू हो गए हैं। चार दिन में क्या होगा, आप देखते जाइए। 20 तारीख है, जंतर-मंतर से संसद से चलने का बुलावा है और देश में एक बड़े बदलाव की आहट है।"

Share

पिछले 48 घंटे में बाजी पलट गई, योगेंद्र यादव

योगेंद्र यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर की है। उसमें कह रहे हैं- "पिछले 48 घंटे में बाजी पलट गई है। मैंने कई आंदोलनों में देखा है कि शुरू में आप एक एक बूंद के लिए तरसते हैं। उसके बाद एक दिन अचानक झड़ी लग जाती है। यही जंतर-मंतर पर हो रहा है।"

Share

वांगचुक की हालत बिगड़ती है, तो मेडिकल मदद दें- दिल्ली हाईकोर्ट

दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की सेहत पर रोज़ाना नज़र रखें। सोनम वांगचुक NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर यहां जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं। कोर्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा- अगर उनकी हालत बिगड़ती है तो मेडिकल मदद दें।

Share

सोनम वांगचुक के अंदर गांधी जी की झलक, सत्याग्रह करके प्राण त्याग रहे- आप

आम आदमी पार्टी के दिल्ली अक्ष्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने मीडिया से बातचीत में कहा- अभी तक जो मैंने देखा, देश की तमाम बड़ी-बड़ी विपक्षी पार्टियों के नेता, सिविल सोसाइटियों के लोग, सामाजिक संगठन के लोग, आर्मी और जुडीश्यिरी से रिटायर लोग यहां आ रहे हैं। क्योंकि उन लोगों को दिख रहा है कि आज सोनम वांगचुक के अंदर गांधी जी की झलक है। कोई आदमी है जो देश के लिए अपने प्राण त्यागने के लिए सत्याग्रह कर रहा है। अहिंसा से इस सरकार को अपनी बात मनमाने की कोशिश कर रहा है। इसलिए हम भी यही चाहेंगे कि सब लोग 20 तारीख को आएं और संसद चलें।

Share

20 तारीख को आएं जंतर-मंतर, केजरीवाल ने बताया प्लान

आज बिना क्रांती के शिक्षा व्यवस्था ठीक नहीं हो सकती। हमें सोनम वांगचुक जैसा क्रांतीकारी शिक्षा मंत्री चाहिए है। केजरीवाल ने सोनम वांगचुक के शिक्षा मंत्री बनाए जाने के प्रस्ताव के बाद कहा- 20 तारीख को ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं और सदन तक की यात्रा को सफल बनाएं।

Share

कांग्रेस ने सोनम वांगचुक से की भूख हड़ताल खत्म करने की अपील

कांग्रेस ने गुरुवार को एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की और कहा कि “उनकी चिंताएं हमारी चिंताएं हैं।” वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करती रहेगी।

Share

धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ, सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री बनाओ- केजरीवाल

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जंतर-मंतर पर कहा- " कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन और सोनम वांगचुक की बात सुनो, नहीं तो तीन साल बाद तुम्हारा (केंद्र सरकार का) 2014 जैसा हश्र होगा... । इसके बाद केजरीवाल ने कहा- मैं भी एक प्रस्ताव देता हूं, धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा दे देना चाहिए।

इसके बाद केजरीवाल ने सोनम वांगचुक का नाम लेते हुए कहा- सोनम वांगचुक को देश का शिक्षा मंत्री बना देना चाहिए। मैं PM को सुझाव देता हूं- धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ और सोनम वांगचुक को केंद्रीय शिक्षा मंत्री बनाओ।

Share

सोनम वांगचुक को सलाम, अब पेपर लीक होना एक सिस्टम बन गया- केजरीवाल

केजरीवाल ने कहा कि एजुकेशन सिस्टम को सुधारने के लिए सभी युवाओं को समर्थन कर दिया है। सोनम वांगचुक को सलाम करते हैं अपने लिए नहीं छात्रों के लिए यहां हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि शिक्षकों को हिरासत में लिया गया। पिछले कुछ सालों से पेपर लीक हो रहे हैं, छात्रों का कॉन्फिडेंस लड़खड़ाने लगा है। यह देश के लिए बहुत ख़तरनाक बात है। अब पेपर लीक एक सिस्टम बन गया है।

Share

जंतर-मंतर पहुंचते ही केजरीवाल ने दीपके को लगाया गले, वांगचुक से पूछा हालचाल

अरविंद केजरीवाल पहुंचे जंतर-मंतर। पहुंचते ही सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके को लगाया गले। इसके बाद भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक से मिलकर उनका हाल-चाल पूछा।

Share

SCBA ने सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल वापस लेने की अपील की

शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के चल रहे अनिश्चितकालीन उपवास के दौरान उनकी बिगड़ती सेहत पर चिंता जताते हुए, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन (SCBA) की एग्जीक्यूटिव कमेटी ने गुरुवार को एक प्रस्ताव पास करके उनसे अपना विरोध खत्म करने की अपील की।

Share

मैं कोई एंटी नेशनल नहीं हूं, तो मैं क्यों चुप रहूं?...

सोनाक्षी सिन्हा ने सोनम वांगचुक के समर्थन में कहा- "कोई डायलॉग नहीं हो रहा है। कोई बात नहीं कर रहा। मतलब इनकी तरफ कोई मुड़कर देख भी नहीं रहा है। इसलिए मैंने तय किया है कि मैं क्यों चुप रहूं? मैं भी तो इस देश की नागरिक हूं। मैं भी इस देश का भला चाहती हूं। मैं कोई एंटी नेशनल नहीं हूं, तो मैं क्यों चुप रहूं? सोनम जी ने कहा- आप मुझसे मत कहिए कि मैं अपना उपवास तोड़ूं। आप लोग सरकार से कहिए कि आप बात क्यों नहीं कर रहे हैं। आप इसको तवज्जो क्यों नहीं दे रहे हैं।"

Share

जब सोनम मर जाएंगे, तब आप उठेंगे? सोनाक्षी का सरकार से तीखा सवाल

आप सही हो सर, मैं आपसे नहीं कहूंगी कि आप अपना उपवास तोड़ें। मैं बस यही पूछना चाहती हूं कि यह कब पर्याप्त होगा? जब ये आदमी मर जाएंगे, तब आप उठेंगे? और वो किसकी जिम्मेदारी होगी। ये ठीक नहीं हो रहा है, जो हो रहा है। मुझे लगता है कि हमें तो अपनी आवाज उठानी चाहिए। हमें अपनी आंखें खोलनी चाहिए, कोई और खोले या न खोले। जय हिंद।

Share

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को सलाम, सपा का पूरा समर्थन- डिंपल यादव

डिंपल यादव ने जंतर-मंतर पर पहुंचकर कहा- सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल को सलाम करती हूं। कई छात्रों की तबीयत खराब हुई है। उन्होंने आगे कहा-दीपके ने युवाओं को एक मंच दिया है। हमारा युवा अगर मजबूत हो जाए तो उन्हें कोई नहीं हरा सकता। पूरी समाजवादी पार्टी का समर्थन है। छात्र और किसान की हालत देश में सबको पता है।

Share

सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचीं डिंपल यादव

मशहूर शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज 19वां दिन है। देशभर से उन्हें समर्थन मिल रहा है। समाजवादी पार्टी की नेता और सांसद डिंपल यादव उनसे मिलने के लिए जंतर-मंतर पहुंची हैं।

Share

सरकार को युवा भारत की कतई चिंता नहीं, सब साथ आएं- आदित्य ठाकरे

आदित्य ठाकरे ने एक्स पर किए गए ट्वीट में लिखा- “जिस मुद्दे पर सोनम वांगचुक दिल्ली में अनशन कर रहे हैं, उसके प्रति BJP सरकार की बेपरवाही से बस एक ही बात साबित होती है। इस सरकार को युवा भारत की बिल्कुल भी चिंता नहीं है। उनकी बहुत सीधी सी मांग है कि पेपर लीक मामले में फेल हुए सेंट्रल एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान को ज़िम्मेदार ठहराया जाए। उन्हें उनके पद से हटाया जाए।”

आगे उन्होंने लिखा- “लेकिन, एक बात तो साफ़ है कि इस बेपरवाह और भ्रष्ट BJP सरकार के खिलाफ हम सभी को एक साथ आने की ज़रूरत है। चाहे पेपर लीक हो, इथेनॉल का मुद्दा हो, या मंदिर का मामला हो... BJP की बस एक ही पॉलिसी है: लोगों में फूट डालना और अपनी सत्ता बचाए रखना।”

Share

भूख हड़ताल से सोनम वांगचुक का वजन 9 KG घटा

जंतर-मंतर पर पिछले 19 दिन से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक की सेहत पर नजर रखने वाले सीनियर जनरल फिजिशियन डॉ. सतीश लांबा की ओर से गुरुवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक भूख हड़ताल शुरू करने के बाद से उनका वजन 9 किलोग्राम से अधिक कम हो गया है। उन्होंने बताया कि वांगचुक के ब्लड में शुगर का स्तर 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर था, जबकि उनकी पल्स रेट 72 बीट प्रति मिनट थी। लांबा ने बताया कि लेटे हुए उनका ब्लड प्रेशर 105/61 एमएमएचजी और बैठे हुए 101/65 एमएमएचजी रिकॉर्ड किया गया। डॉक्टर ने कहा कि वांगचुक के शरीर में पानी का स्तर ठीक है और लंबे समय तक भूखे रहने के बावजूद वह मानसिक रूप से ठीक हैं।

Share

‘हर जिंदगी कीमती है; सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर नजर रखें अधिकारी’

दिल्ली हाईकोर्ट ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रहे सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर हर दिन नजर रखें और जरूरत पड़ने पर उन्हें डॉक्टरी मदद दें। चीफ जस्टिस डी.के. उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने कहा कि जिंदगी कीमती है और सरकारी डॉक्टरों को वांगचुक के स्वास्थ्य की स्थिति की नियमित रूप से जांच करनी चाहिए। हाईकोर्ट ने कहा कि हमारा मानना ​​है किसी भी नागरिक की जिंदगी कीमती है और सरकारी अधिकारियों को उसे बचाने के लिए हर संभव कोशिश करनी चाहिए।

Share

केजरीवाल ने किया CJP की मांग का समर्थन

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आम आदमी पार्टी CJP के विरोध-प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की उसकी मांग का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि वह गुरुवार शाम वांगचुक से मुलाकात करेंगे। उन्होंने वागंचुक से अब हड़ताल समाप्त करने की अपील की है।

Share

मैं दो-चार दिन में मर नहीं जाऊंगा : सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक ने कहा कहा कि मेरी हालत ऐसी नहीं है कि मैं दो-चार दिन में मर जाऊंगा। कई मेडिकल जांच की गई हैं और 18 दिन की भूख हड़ताल के हिसाब से नतीजे काफी सामान्य हैं। ईसीजी भी किया गया और वह भी ठीक है। मैं अभी कई और दिनों तक इसे जारी रख सकता हूं।

Share

सोनम वांगचुक ने संसद मार्च सफल बनाने की अपील की

सोनम वांगचुक ने लोगों से 20 जुलाई को 'कॉकरोच जनता पार्टी' के प्रस्तावित संसद मार्च को मजबूत बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों के छात्रों को राजनीति विज्ञान और लोकतंत्र का असल सबक सीखने के लिए इसमें शामिल होना चाहिए।

Share

मुझसे भूख हड़ताल खत्म करने के लिए नहीं कहें : सोनम वांगचुक

सोनम वांगचुक ने सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं आने तक भूख हड़ताल खत्म करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल तोड़ने से गलत संदेश जाएगा। वांगचुक ने कहा कि अगर मैं कुछ खा लूं, तो क्या संदेश जाएगा? सरकार को यही संदेश जाएगा कि जवाबदेही की कोई जरूरत नहीं है। प्रदर्शनकारी आते हैं और चले जाते हैं...। उन्होंने यह भी पूछा कि अगर वह भूख हड़ताल खत्म कर दें तो क्या बदल जाएगा।

Share

सीजेपी 20 को करेगी संसद तक मार्च

सीजेपी का मेडिकल की प्रवेश परीक्षा 'नीट' में कथित अनियमितताओं के विरोध में जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन 27वें दिन में प्रवेश कर गया। सीजेपी ने 20 जुलाई को प्रस्तावित 'चलो संसद' मार्च से पहले आज एक दिन की सामूहिक भूख हड़ताल की भी घोषणा की है।

Share

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsएनसीआरSonam Wangchuk hunger strike: वांगचुक से मिलने पहुंचे केजरीवाल, डिंपल और टिकैत; जानिए किसने क्या कहा?