Sonam Wangchuk Health: सोनम वांगचुक की तबीयत आज कैसी है? सफदरजंग अस्पताल को अब भी एक चिंता
Sonam Wangchuk Health Today: संसद मार्च के दौरान सीजेपी के प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज से सोनम वांगचुक आहत हैं। उन्होंने कहा कि वे अपनी भूख हड़ताल जारी रखेंगे। इस बीच सफदरजंग अस्पताल ने उनका हेल्थ बुलेटिन जारी किया है।

Sonam Wangchuk Health Today: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने एक बार फिर संसद कूच का ऐलान किया है। इस बीच अनशन पर डटे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हेल्थ को लेकर नया अपडेट आया है। सफदरजंग अस्पताल की ओर से प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सोनम वांगचुक की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन ब्लड शुगर कम बना हुआ है। डॉक्टरों की चिंता है कि वांगचुक अभी भी आईवी फ्लूइड व ग्लूकोज लेने से इनकार कर रहे हैं।
इससे पहले सोमवार को 'संसद चलो' मार्च के दौरान हाथों में तिरंगा और तख्तियां लिए बड़ी संख्या में लोग संसद की ओर बढ़े। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया। 70 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
सोनम वांगचुक ने कहा- अनशन जारी रहेगा
सोनम वांगचुक ने कहा है कि वो अपनी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रखेंगे। बताया कि प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस के अमानवीय व्यवहार के बाद उन्होंने यह फैसला लिया है। उधर, उनकी पत्नी गीतांजली का कहना है कि मार्च बेहद सफल रहा। हम शिक्षा के मुद्दे पर देश को जगाने में कामयाब रहे। जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, हम सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते।
अस्पताल ने बताई अपनी चिंता
अस्पताल की तरफ से मंगलवार सुबह ताजा बुलेटिन में बताया गया कि सोनम वांगचुक का इलाज हमारे विशेषज्ञों की टीम कर रही है। वे एक्सपर्ट डॉक्टरों की लगातार निगरानी में हैं। फिलहाल मौटे तौर पर वांगचुक के सभी वाइटल पैरामीटर स्थिर और सामान्य हैं, लेकिन ब्लड शुगर लेवल अभी भी सामान्य से कम है। बीती रात ब्लड के नमूने लिए गए थे, उसकी जांच में पाया गया कि सीरम पोटैशियम का स्तर 3.2 मिलीग्राम प्रतिलीटर है। इसके अलावा उनके शरीर में खून की कमी और ल्यूकोसाइट्स की संख्या भी कम है।
बुलेटिन में बताया गया कि फिलहाल वांगचुक को ओआरएस और मुंह से पोटैशियम की दवा दी जा रही है। लेकिन सबसे बड़ी चिंता यह है कि डॉक्टरों की बार-बार सलाह के बावजूद वे नसों के जरिए दिए जाने वाले आईवी फ्लूड और ग्लूकोज लेने से इनकार कर रहे हैं।
अस्पताल से डिस्चार्ज नहीं कर सकते
डॉक्टरों के अनुसार, लगातार डिहाइड्रेशन, ब्लड टेस्ट में गड़बड़ियों और लंबे समय से चल रहे भूख हड़ताल के कारण उनका शरीर लगातार कमजोर हो रहा है। इसे देखते हुए उन्हें डिस्चार्ज नहीं किया जा सकता। उनकी लगातार मॉनिटरिंग और जांच जरूरी है। फिलहाल अस्पताल सभी आवश्यक मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
संसद मार्च के दौरान हिंसा पर 4 एफआईआर
दूसरी तरफ सोमवार को सीजेपी के संसद सत्र के दौरान हिंसा और हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक इस मामले में कुल 4 एफआईआर दर्ज कर ली हैं, जबकि 2 और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
पहली एफआईआर संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली जिला क्षेत्र में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में दर्ज की गई है। दूसरी एफआईआर कथित हिंसा की साजिश रचने के आरोप में दर्ज की गई है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण सबूत हाथ लगे हैं। इसके अलावा दो अन्य एफआईआर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपों में दर्ज की गई हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस दो और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। ये मामले भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मारपीट, कानून अपने हाथ में लेने और अन्य संबंधित अपराधों से जुड़े हैं।
लेखक के बारे में
Gaurav Kalaगौरव काला: वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम सदस्य
संक्षिप्त विवरण: गौरव काला पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। वह विशेष रूप से हिमालयी राज्य उत्तराखंड के अलावा, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश, झारखंड समेत कई हिंदी बेल्ट के राज्यों की खबरें कवर कर रहे हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: गौरव काला का भारतीय डिजिटल मीडिया जगत में एक दशक से अधिक का अनुभव है। वह वर्ष 2011 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वर्तमान में, वह 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट टीम सेक्शन का हिस्सा हैं। पिछले पांच वर्षों से वह पहले होम टीम का हिस्सा रहे और अब बड़ी बखूबी से स्टेट टीम में अपनी जिम्मेदारी को निभा रहे हैं। उन्हें डिजिटल पाठकों की पसंद और बदलती प्रवृत्तियों (Trends) को समझने में विशिष्ट महारत हासिल है। गौरव का करियर प्रिंट मीडिया से शुरू होकर टीवी जगत और डिजिटल मीडिया तक फैला हुआ है। यही वजह है कि उनकी खबरों में गहराई और सटीकता की झलक दिखती है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और रिपोर्टिंग: गौरव मॉस कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट हैं और यही उनकी सबसे बड़ी विशेषता है। पहले बी. ए. इन मॉस कम्यूनिकेशन और फिर आधुनिक पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन होने के कारण उनके पास खबरों की ठोस समझ है। 2011 में दैनिक जनवाणी अखबार में क्राइम रिपोर्टिंग से पत्रकारिता शुरू करने के बाद उन्होंने ईटीवी भारत में बतौर एंकर और स्क्रिप्ट राइटर पर तौर पर काम किया। 2015 में डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेते हुए अमर उजाला और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों में काम किया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय खबरों को भी कवर किया, बल्कि आकर्षक लेखनी से पाठकों के बीच लोकप्रियता बनाई।
सितंबर 2021 में गौरव लाइव हिन्दुस्तान की नेशनल टीम के साथ जुड़े। तब से वह न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय, वायरल समाचार और मौसम संबंधी खबरों पर विशेष ध्यान दे रहे हैं, बल्कि राजनीतिक, रिसर्च बेस स्टोरीज भी कवर कर रहे हैं। अपनी मजबूत लेखनी के दम पर वह खबरों को आकर्षक नए कलेवर के साथ आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
डिजिटल ट्रेंड्स के साथ रिपोर्टिंग: डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बदलते ट्रेंड्स को समझना गौरव की बड़ी ताकत है। वायरल खबरों, सोशल मीडिया ट्रेंड्स और इंटरनेट कल्चर से जुड़े विषयों को वह तथ्यात्मक जांच और संतुलित प्रस्तुति के साथ सामने रखते हैं। उनकी यही क्षमता उन्हें क्लिक-बेस्ड नहीं, बल्कि कंटेंट-बेस्ड पत्रकार बनाती है। इसके अलावा वह राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीति से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक गहराई और संतुलित दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: गौरव के लिए पत्रकारिता केवल खबर देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी है। उनका मानना है कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य सत्य और जनहित को प्राथमिकता देते हुए पाठकों तक सही जानकारी पहुंचाना है। वह अपनी लेखनी से सत्ता, समाज और आम जनता के बीच एक मजबूत और भरोसेमंद सेतु बनाने में विश्वास रखते हैं।
विशेषज्ञता (Areas of Expertise):
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय समाचार
वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट
राजनीतिक और रिसर्च-आधारित स्टोरीज
हेडलाइन और न्यूज़ प्रेजेंटेशन


