ईएमआई को लेकर विवाद, पिता ने थप्पड़ मारा तो बेटे ने जान से ही मार डाला; नोएडा में सनसनीखेज कांड

Subodh Kumar Mishra लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान/नोएडा
share

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित डूब क्षेत्र में बीते रविवार को लहूलुहान मिले व्यक्ति के शव की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बीते शनिवार रात कार की ईएमआई को लेकर हुए विवाद के बाद थप्पड़ लगने से गुस्साए पुत्र ने सिर कुचलकर पिता की हत्या की थी। 

ईएमआई को लेकर विवाद, पिता ने थप्पड़ मारा तो बेटे ने जान से ही मार डाला; नोएडा में सनसनीखेज कांड

नोएडा के सेक्टर-135 स्थित डूब क्षेत्र में बीते रविवार को लहूलुहान मिले व्यक्ति के शव की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। बीते शनिवार रात कार की ईएमआई को लेकर हुए विवाद के बाद थप्पड़ लगने से गुस्साए पुत्र ने सिर कुचलकर पिता की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि एक मार्च को सेक्टर-135 के डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव लहूलुहान मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई, जो मूलरूप से बदायूं जिले के जरीफनगर के रहने वाले थे। फिलहाल सेक्टर-135 के यमुना डूब क्षेत्र में रह रहे थे। वह एक प्लांट में मिक्सर गाड़ी के ड्राइवर थे। दो बेटे, एक बेटी और पत्नी के साथ में वह डूब क्षेत्र में रहते थे। 28 फरवरी को पत्नी और एक बेटा-बेटी गांव चले गए थे।

अक्सर झगड़ा होता रहता था

बड़ा बेटा सतेंद्र कुमार अपने पिता राकेश के साथ में कमरे पर ही था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच गाड़ी की किस्त को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता था। दरअसल, राकेश कुमार ने अपने नाम पर एक कार खरीदी थी और उसे टैक्सी में चलाने के लिए अपने सतेंद्र को दी थी। गाड़ी की मासिक किस्त जमा करने की जिम्मेदारी सतेंद्र की थी।

झगड़े की जानकारी से पुलिस को संदेह हुआ

पुलिस ने बताया कि आरोपी सतेंद्र अपने पिता की हत्या करने के बाद कार लेकर फरार हो गया। सुबह पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वह भी मौके पर आया। पुलिस ने उससे पूछताछ की, लेकिन उसने रात में कमरे में नहीं होने की बात कही। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और कई अहम सुराग जुटाए।

राकेश लहूलुहान अवस्था में पड़े थे

पुलिस ने बताया कि सुबह जब राकेश समय से काम पर नहीं पहुंचे तो ठेकेदार ने उसे कॉल लगाई, लेकिन कई फोन पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो ठेकेदार उनके कमरे पर पहुंच गया। जहां पर राकेश लहूलुहान अवस्था में पड़े थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की परिजन को जानकारी देकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।