
सोहना-खेड़ला रोड की बदलेगी सूरत, 11 साल बाद शुरू हुआ निर्माण; 2 फेज में होगा काम
संक्षेप: गुरुग्राम के सोहना से वाया दमदमा झील होते हुए खेड़ला तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य 11 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शुरू हो गया है। पिछले एक दशक से अधिक समय से इस मार्ग के गड्ढों को केवल भरकर खानापूर्ति की जाती रही थी।
गुरुग्राम के सोहना से वाया दमदमा झील होते हुए खेड़ला तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग का निर्माण कार्य 11 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार शुरू हो गया है। पिछले एक दशक से अधिक समय से इस मार्ग के गड्ढों को केवल भरकर खानापूर्ति की जाती रही थी। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होते ही क्षेत्र के लोग ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री के उपयोग का आरोप लगाते हुए गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं।

वर्ष 2021 में तत्कालीन प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने दमदमा झील पर आयोजित एक कार्यक्रम में मंच से भोंडसी से वाया दमदमा झील सोहना जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण और तुरंत प्रभाव से निर्माण कराने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के लगभग चार साल बाद, बजट मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस मार्ग का नए सिरे से निर्माण कार्य शुरू कर दिया है।
यह मार्ग दो अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में सोहना से वाया दमदमा खेड़ला और दूसरे चरण में भोंडसी से वाया रिठौज खेड़ला तक निर्माण कराने की कवायदें शुरू हो गई हैं। पहले चरण में सोहना से खेड़ला के बीच करीब 10 किलोमीटर लंबे मार्ग पर निर्माण कार्य शुरू हुआ है।
पीडब्ल्यूडी सोहना के एसडीओ सुरेंद्र कुमार ने आश्वासन दिया है कि मार्ग के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरदाश्त नहीं की जाएगी।
निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर उठे सवाल
सड़क निर्माण कार्य में ठेका एजेंसी पर मानकों को नजरअंदाज करने का आरोप लग रहा है। क्षेत्र के निवासी और कांग्रेस पार्टी के नेता सतबीर पहलवान ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए सड़क निर्माण में सही सामग्री का उपयोग न करने का आरोप लगाया है।





