दिल्ली के होटल में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से रेप, धर्म बदलवाने के लिए मदरसा भी ले गए
दिल्ली में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से रेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने रील बनाने के लिए उसे होटल बुलाया और रेप किया। पीड़िता का आरोप है कि धर्म बदलवाने के लिए उसे मदरसा भी ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली के बुराड़ी इलाके में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर से रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रेप करने के बाद आरोपी ने अपने भाई और जीजा के साथ मिलकर पीड़िता पर जबरन धर्मांतरण का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत पर बुराड़ी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने 11 मई को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार 36 साल की पीड़िता पति और 15 साल की बेटी के साथ बुराड़ी में रहती है। वह सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है और घर पर शूट किए गए वीडियो को अपलोड करती है। उसने बताया कि वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के जरिए सन्नी नाम के शख्स ने उससे संपर्क किया।
शाकिब जरदारी निकला सन्नी
पीड़िता ने बताया कि सितंबर 2022 में सन्नी उससे मिलने के लिए बुराड़ी आया। उसने पीड़िता को बुराड़ी के होटल में रील शूट करने के बहाने बुलाया और रेप किया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को ब्लैकमेल कर कई बार रेप किया। इस बीच पीड़िता को मालूम हुआ कि आरोपी का नाम शाकिब जरदारी है और वह अमरोहा का रहने वाला है। इसके बाद पीड़िता ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी।
धर्म परिवर्तन कराने के लिए मदरसे में लेकर गए
पीड़िता ने बताया कि शाकिब से दूरी बनाने पर उसके जीजा उस्मान और भाई अफरोज ने उसे फोन करना शुरू किया। उन्होंने पीड़िता को उसके पति के मोबाइल पर वीडियो भेजने की धमकी देकर बुराड़ी स्थित मदरसे में मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता के अनुसार मदरसे में मौजूद हाफिज ने इन्हें एक धर्मपरिवर्तन कराने पर 5.50 लाख रुपये देने का वादा किया।
धर्म बदलने पर बड़ी रकम देने को कहा
इसके अलावा परिवार के धर्म परिवर्तन पर बड़ी रकम देने को कहा। इसके बाद वर्ष 2023 में शाकिब, उस्मान और अफरोज, पीड़िता पर बेटी समेत धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाने लगे। इस पर पीड़िता ने अपने पति को पूरे मामले की जानकारी दी।
परिवार से निकलवाया
विवाद बढ़ने के बाद पीड़िता करीब तीन साल तक आरोपियों से दूर रही, लेकिन आरोपी उससे मिलने और धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश में जुटे रहे। फिर इस साल 5 मई को आरोपियों ने पीड़िता के पति के मोबाइल फोन पर आपत्तिजनक पोस्ट भेज दिया। इसके बाद पीड़िता को उसके पति ने घर से निकाल दिया। फिर पीड़िता ने पुलिस के पास पूरे घटनाक्रम की शिकायत दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


