
स्मॉग ने थामी दिल्ली की रफ्तार; 400 से अधिक उड़ानें लेट, 228 रद्द, देर से पहुंचीं 90 ट्रेनें
कोहरे और धुंध के कॉकटेल से बने स्मॉग ने सोमवार को दिल्ली की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी। दृश्यता कम होने से उड़ानों के साथ ही ट्रेन का परिचालन भी बाधित हुआ। पढ़ें यह रिपोर्ट…
कोहरे और धुंध से मिलकर बनी स्मॉग की चादर ने सोमवार को दिल्ली की रफ्तार धीमी कर दी। दृश्यता कम होने से उड़ानों के साथ ही ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। दिल्ली एयरपोर्ट पर सोमवार को दृश्यता का स्तर शून्य होने से 228 से अधिक उड़ानें कैंसिल कर दी गईं जबकि 5 को डायवर्ट कर के दूसरे शहरों में उतारना पड़ा। इतना ही नहीं 90 से अधिक ट्रेन दिल्ली के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों पर देर से पहुंचीं।
400 से अधिक फ्लाइटें लेट
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर घने स्मॉग के कारण दृश्यता कम होने से कुल 228 फ्लाइटें कैंसिल कर दी गईं। इनमें 131 जाने वाली और 97 आने वाली उड़ानें शामिल थीं। यही नहीं 400 से अधिक फ्लाइटें लेट हो गईं। दिल्ली आने वाली कम से कम 5 उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी (डायल) ने एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि घने कोहरे और स्मॉग के कारण उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि दृश्यता कम होने के कारण उड़ान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। यूजर ने एक तस्वीर साझा करते हुए कहा कि 13 एयरक्राफ्ट उतरने के लिए कतार में हैं और पार्किंग का इंतजार कर रहे हैं।
इंडिगो और एयर इंडिया ने माना कोहरे का असर
इंडिगो ने कहा कि कम दृश्यता के कारण दिल्ली और उत्तरी भारत के अन्य एयरपोर्टों पर परिचालन प्रभावित हुआ है। हालांकि, इंडिगो ने यह नहीं बताया कि उसकी कितनी उड़ानें रद्द या लेट हुई हैं। एयर इंडिया ने भी बयान जारी कर कहा कि घने कोहरे के कारण कम दृश्यता दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में विमान परिचालन को प्रभावित कर रही है। यात्री एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांच लें।
मेसी की फ्लाइट भी प्रभावित
स्मॉग के कारण दिल्ली आने वाली फुटबालर लियोनेल मेसी की चार्टर्ड फ्लाइट भी निर्धारित समय से देर से पहुंची। मेसी को सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली पहुंचना था लेकिन कम दृश्यता के कारण उनकी चार्टर्ड उड़ान में देरी हुई। फुटबालर लियोनेल मेसी दोपहर दो बजकर 30 मिनट पर दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे।
हवा ने दी राहत, 427 पर आया AQI
दिल्ली में सोमवार सुबह एक्यूआई 498 तक पहुंच गया। हालांकि हवा के रुख में तेजी से शाम तक एक्यूआई 427 पर आ गया। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली के 27 निगरानी केंद्रों ने गंभीर श्रेणी में AQI रिकॉर्ड की थी। वहीं 12 केंद्रों में एक्यूआई गंभीरतम श्रेणी में रिकॉर्ड किया गया। वहीं पीएम 2.5 का स्तर 154.96 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर जबकि पीएम 10 का स्तर 260.9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
(पीटीआई, हिन्दुस्तान टाइम्स और हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)





