दिल्ली के मंगोलपुरी में बेखौफ हुए बदमाश, राह चलते लोगों पर चाकुओं से बोला हमला, 6 लोग घायल

नई दिल्ली, पीटीआई
Follow us on Google News
share

दिल्ली के मंगोलपुरी में बेखौफ बदमाशों ने एल ब्लॉक की 3 गलियों में राहगीरों पर सरेआम चाकूबाजी कर सनसनी मचा दी। इस घटना में 6 लोग घायल हो गए। पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही है।

Delhi Police news
Delhi Police

राजधानी दिल्ली में मंगोलपुरी इलाके में सरेआम राह चलते लोगों पर चाकुओं से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में छह लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

तीन गलियों में हुई चाकूबाजी

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम मंगोलपुरी इलाके में कुछ लोगों के एक समूह ने राहगीरों पर चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें कम से कम छह लोग घायल हो गए। ये हमले मंगोलपुरी के L ब्लॉक की तीन गलियों में हुए। पुलिस ने बताया कि हमले में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से दो को बाद में सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस हमला करने वाले आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस पीड़ितों से बातचीत करने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।

लूटपाट का भी आरोप

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चलता है कि हमला पुरानी रंजिश के कारण हुआ हो सकता है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावरों ने लोगों से लूटपाट भी की और इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

मंगोलपुरी में रेलवे ट्रैक पर किशोर की चाकू मारकर हत्या

इससे पहले, नांगलोई और मंगोलपुरी स्टेशनों के बीच रेल की पटरियों के पास तीन अज्ञात लोगों के साथ झगड़े के दौरान 17 वर्षीय लड़के की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुई जब पीड़ित और उसके दोस्त राज पार्क औद्योगिक क्षेत्र में रेल की पटरियों के पास मोबाइल फोन से 'रील' बना रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगभग 17-20 वर्ष की आयु के तीन लड़के उनके पास आए और उनकी गतिविधियों में हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस ने कहा कि टकराव के दौरान एक आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने अपने सहयोगी को चाकू दे दिया, जिसने उसके पेट में चाकू घोंप दिया। हमला करने के बाद आरोपी नांगलोई रेलवे स्टेशन की ओर भाग गए, जबकि पीड़ित को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने के लिए तकनीकी और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटा रही है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में बेखौफ हुए बदमाश, राह चलते लोगों पर चाकुओं से बोला हमला, 6 लोग घायल