
सिरसा टू खेरली सड़क चौड़ीकरण के प्लान में बदलाव, UP के कई कस्बों व 250 गांवों को मिलेगा लाभ
Sirsa to Kherli Road : ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहे तक सड़क को 7.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डिवाइडर बनेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसके लिए जल्द टेंडर जारी करेगा। नए साल में काम शुरू होने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहे तक सड़क को 7.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर चौड़ा किया जाएगा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर डिवाइडर बनेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण इसके लिए जल्द टेंडर जारी करेगा। नए साल में काम शुरू होने की उम्मीद है।
सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहा तक 7.2 किलोमीटर लंबी सड़क को चार लेन करने की तैयारी थी, लेकिन परियोजना के रास्ते में 741 पेड़ और 558 बिजली के खंभे आ रहे थे। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) से इसकी जांच कराई गई। ऐसे में योजना में बदलाव करना पड़ा। नई योजना के तहत वर्तमान में 7.5 मीटर चौड़ी (दो लेन) सड़क को 10.5 मीटर किया जाएगा। पहले डिवाइडर बनाने की तैयारी थी, लेकिन अब भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ही डिवाइडर बनाया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारी के मुताबिक दोनों तरफ सड़क की चौड़ाई लगभग 1.5 मीटर बढ़ जाएगी। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर, परी चौक और कासना होते हुए खेरली तिराहा पर दनकौर-सिकंद्राबाद मार्ग को जोड़ने वाली यह सड़क सिरसा गोलचक्कर से आगे दो लेन की है।
इस रास्ते से बुलंदशहर, खुर्जा, सिकंद्राबाद, ककोड़, झाझर आदि प्रमुख कस्बों के अलावा आसपास के लगभग 250 गांवों के लोग आवाजाही करते हैं। ट्रैफिक का दबाव होने की वजह से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ जाएगा। ऐसे में सुगम आवागमन के लिए प्राधिकरण ने सिरसा गोलचक्कर से खेरली तिराहा तक सड़क को चौड़ा करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस काम पर 31 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।
130 मीटर चौड़ी सड़क पर भी आवागमन सुगम होगा
ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क अभी ग्रेटर नोएडा के सिरसा गोलचक्कर तक बनी है। खेरली तक सड़क को चौड़ा किए जाने से इस मार्ग से आने वाले वाहन चालकों को भी आसानी होगी। बिना किसी जाम में फंसे दनकौर, बिलासपुर के साथ खुर्जा, सिकंद्राबाद और बुलंदशहर की तरफ जा सकेंगे।
सुमित यादव, एसीईओ, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण, ''सिरसा से खेरली तिराहा तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। सीआरआरआई ने अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी है। प्रक्रिया पूरी कर जल्द काम शुरू कराया जाएगा।''





