
नोएडा-ग्रेनो निवासी दें ध्यान! SIR के लिए 2 दिन लगेंगे 500 से अधिक स्पेशल कैंप, पूरी डिटेल
गौतम बुद्ध नगर जिले में SIR का महा अभियान चलाया जा रहा है। DM मेधा रूपम ने बताया है कि 1 दिसंबर सोमवार और 2 दिसंबर मंगलवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में लोग SIR की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
गौतम बुद्ध नगर जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का महा अभियान चलाया जा रहा है। रविवार को छुट्टी के दिन भी SIR के महा अभियान में जिले में 18 सौ से अधिक मतदान केंद्रों पर बड़ी संख्या में वोटर उमड़े। लोगों की ओर से एसआईआर के फार्म भरे गए। लोगों ने SIR के साथ ही फार्म-6 और फार्म-8 भी भरे। वहीं जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में SIR के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक की और बताया कि 1 दिसंबर सोमवार और 2 दिसंबर मंगलवार को विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में लोग एसआईआर की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
चलाया जा रहा महा अभियान
गौतम बुद्ध नगर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम ने प्राधिकरण समन्वयक, स्वयंसेवकों, आरडब्ल्यूए, एओए प्रतिनिधियों, उद्यमियों, व्यापारियों, श्रम संगठनों एवं बिल्डर्स के साथ बैठक में कहा कि SIR की प्रक्रिया पारदर्शिता ढंग से संचालित की जा रही है। नाम जोड़ने, संशोधन कराने और विभिन्न प्रपत्र जमा करने की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रशासन एक व्यापक विशेष महाअभियान चला रहा है।
500 से अधिक स्पेशल कैंप लगेंगे
उन्होंने बताया कि जिले में 1 और 2 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लेबर कम्युनिटी वाले क्षेत्रों में 50 स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे। औद्योगिक इकाइयों में 50 कैंप और जिले के 35 प्रमुख शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थानों में भी विशेष कैंप लगाए जाएंगे। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 1868 बूथों, हाई-राइज सोसायटियों, आवासीय क्षेत्रों, लेबर एरिया, उद्योग, संस्थानों और सोसायटियों, इंस्टीट्यूशन, फिल्म सिटी और मीडिया संस्थानों के साथ अन्य प्रमुख 500 स्थलों पर भी कैंप लगाए जाएंगे। कुल 500 से अधिक स्पेशल कैंप लगेंगे।
सभी फॉर्म किए जाएंगे स्वीकार
इनमें फिल्म सिटी, मीडिया हाउस के विभिन्न 16 लोकेशन पर भी कैंप लगाए जाएंगे। सभी कैंप दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होंगे ताकि नागरिक लंच ब्रेक के बाद आसानी से सेवा प्राप्त कर सकें। इन शिविरों में फार्म-6, फार्म-8 समेत सभी एन्यूमरेशन फॉर्म स्वीकार किए जाएंगे। इतना ही नहीं किसी भी बूथ का फॉर्म किसी भी कैंप में जमा किया जा सकेगा। नाम खोजने के लिए 2003 की वोटर लिस्ट उपलब्ध रहेगी।
कैंपों में होगा अपडेशन
बीएलओ से कोऑर्डिनेशन कर पुराने पते से नए पते पर गए लोगों का अपडेशन किया जाएगा। यही नहीं जरूरत पड़ने पर फार्म-8 भरवाया जाएगा। इन कैंपों में वोटर लिस्ट से संबंधित सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अपील की कि अधिक से अधिक नागरिक अभियान से जुड़कर सुनिश्चित करें कि हर पात्र व्यक्ति का नाम वोटर लिस्ट में शामिल हो।
इन जगहों पर लगेंगे कैंप
इंडस्ट्री क्षेत्र में प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों जैसे सैमसंग, एलजी, डिक्सन, वीवो, ओप्पो, केन्ट, सीएनएच, बीपीएल, मदरसन, यूफ्लेक्स, शीला फोम, बीकानेर, हल्दीराम, सूर्यफूड, विक्टर फूड, एलेनटेक, यूटीएल सोलर, एक्का समूह, केआरबीएल, लक्ष्मी समूह, डेंसो समूह, मिंडा समूह, ग्रेजियानो, पीपीएपी ऑटोमोटिव, आईईए ऑफिस साइट बी दादरी सूरजपुर रोड, यामाहा समूह आदि में स्पेशल कैंप लगाए जाएंगे ताकि कर्मियों और श्रमिकों को उनके वर्क प्लेस पर ही सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इन एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में भी सुविधा
शैक्षणिक संस्थानों में एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा कैंपस, एक्यूरेट इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ग्रेटर नोएडा, एस्टर कॉलेज ऑफ एजुकेशन ग्रेटर नोएडा, बेनेट यूनिवर्सिटी ग्रेटर नोएडा, चेतराम कॉलेज ऑफ एजुकेशन ग्रेटर नोएडा, डायट दादरी, द्रोणाचार्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, गलगोटिया इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ग्रेटर नोएडा, गलगोटिया यूनिवर्सिटी और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में कैंप लगाए जाएंगे।
इन संस्थानों में लगेंगे कैंप
जीएनआईओटी इंस्टिट्यूट, जीएनआईटी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, ग्रेनो कॉलेज ऑफ एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा कॉलेज ऑफ लॉ, आईआईएमटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, आईआईएमटी पॉलिटेक्निक, इनोवेटिव कॉलेज ऑफ फार्मेसी, केसीसी इंस्टिट्यूट ऑफ फार्मेसी, शारदा यूनिवर्सिटी, शारदा स्कूल ऑफ डेंटल साइंसेज, शारदा नर्सिंग स्कूल, लॉयड बिजनेस स्कूल, लॉयड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग और लॉयड कॉलेज ऑफ लॉ में कैंप लगाए जाएंगे।
इन मीडिया संस्थानों में भी मिलेगी सुविधा
इसी प्रकार प्रमुख मीडिया संस्थानों जैसे हिन्दुस्तान (आइकॉन बिल्डिंग, फिल्म सिटी नोएडा), आजतक (एफसी 08, सेक्टर 16ए फिल्म सिटी), न्यूज 24 (एफसी 23, सेक्टर 16ए), टाइम्स नाउ (एफसी 06, सेक्टर 16ए), दैनिक जागरण (डी 210–211, सेक्टर 63), अमर उजाला (सी 21–22, सेक्टर 59), इंडियन एक्सप्रेस (ब्लॉक बी/बी, सेक्टर 10), इंडिया टीवी (बी 30, सेक्टर 85), नेटवर्क 18 (स्काईमार्क वन, सेक्टर 98) में भी कैंप लगेंगे।
इन मीडिया हाउस में भी कैंप
यही नहीं जी समूह (एफसी 19, सेक्टर 16ए), एनडीटीवी (प्लॉट सीसीसी, सेक्टर 129), एबीपी न्यूज (प्लॉट ए–3, ए–5, ए–4 क्लब 125, सेक्टर 125), आर भारत (एफसी 06बी, 07एआरएफ गोलावल्ली, सेक्टर 158), न्यूज नेशनल (प्लॉट 114, सेक्टर 126), भारत 24 (डिस्कवरी टावर, रानी रामगढ़ रोड, सेक्टर 62) न्यूज वन इंडिया (बी 131, सेक्टर 63) में भी एसआईआर के लिए कैंप लगाए जाएंगे।





