शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए सर्वे शुरू, लोनी समेत इन इलाकों तक लाभ

Feb 13, 2026 07:16 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

गाजियाबाद के लोनी से सटे शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। जीडीए ने अन्य विभागों के साथ मिलकर एक कमेटी बनाई है, जिसने इस प्रोजेक्ट को परवान चढ़ाने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है।

शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो ट्रेन चलाने के लिए सर्वे शुरू, लोनी समेत इन इलाकों तक लाभ

गाजियाबाद के लोनी समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। यहां शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अन्य विभागों के साथ मिलकर एक कमेटी बनाई है, जिसने इस प्रोजेक्ट को परवान चढ़ाने के लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया है।

अधिकारी बताते हैं कि इस सर्वे में सभी पहलुओं का अध्ययन होगा, ताकि प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार हो सके। गाजियाबाद में मेट्रो लाइन का विस्तार किया जा रहा है। रेड और ब्लू लाइन के बाद अब लोनी में पिंक लाइन का विस्तार होगा। पिछले दिनों इस प्रोजेक्ट को लेकर जीडीए सचिव ने कई विभागों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की थी। अब जीडीए ने इस रूट की फिजिबिलटी देखने के लिए एक कमेटी बनाई है।

इस कमेटी में जीडीए, आवास विकास परिषद, यूपीसीडा, नगर निगम और लोनी नगर पालिका के सदस्यों को शामिल किया है। साथ ही इस कमेटी ने प्रोजेक्ट का फिजिकल सर्वे शुरू कर दिया है।

साढ़े 12 किलोमीटर लंबे रूट पर कई बिंदुओं का अध्ययन होगा

जीडीए अधिकारी बताते हैं कि करीब साढ़े 12 किलोमीटर लंबे इस विस्तार रूट का सर्वे करने के दौरान कई बिंदुओं का अध्ययन किया जाएगा। अधिकारी बताते हैं कि करीब एक महीने में सर्वे रिपोर्ट तैयार कर इस प्रोजेक्ट की रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि इसे आगे बढ़ाया जा सके।

मजलिस पार्क तक फैली है पिंक लाइन

मंडोला विहार तक पिंक लाइन आने से लोनी क्षेत्र के लोग मजलिस पार्क तक सफर कर सकेंगे। पिंक लाइन मजलिस पार्क तक है। साथ ही पिंक लाइन अन्य लाइनों से भी इंटरचेंज है। ऐसे में दिल्ली के सभी हिस्सों में जाने की सुविधा आसान हो जाएगी।

इन क्षेत्रों के लोगों को लाभ

शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो की पिंक लाइन का विस्तार होने से इंद्रापुरी, लाल बाग, आर्य नगर, प्रेम नगर, लक्ष्मी गार्डन, गिरी मार्केट, अपरकोट, खन्ना नगर, रामेश्वर पार्क, अशोक विहार, पूजा कॉलोनी, पाबी सादकपुर, मंडोला विहार, मंडोला, पंचलोक, दौलत नगर कॉलोनी, रूप नगर, मुस्तफाबाद, न्यू विकास नगर समेत अन्य कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को फायदा होगा। इनका आवागमन आसान हो जाएगा।

विवेक कुमार मिश्रा, सचिव, जीडीए, ''लोनी के शिव विहार से मंडोला विहार तक मेट्रो का विस्तार करने की योजना है। इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए कई विभागों की संयुक्त कमेटी बनाई है। साथ ही इस प्रोजेक्ट के रूट का फिजिकल सर्वे भी शुरू कर दिया है।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।