नोएडा में नए साल के जश्न में हुड़दंग मचाना पड़ा भारी, पुलिस ने सिखाया तगड़ा सबक, काटा 67k का चालान
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद UP पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई करने के लिए कहा। जिसके बाद यातायात पुलिस ने गाड़ी मालिक के खिलाफ कई उल्लंघनों को लेकर तगड़ा चालान किया।
उत्तर प्रदेश की नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर की रात को न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान सड़क पर हुंड़दंग मचाने वाले छह लोगों को कड़ा सबक सिखाया है और उनका 67,000 रुपए का ई-चालान काट दिया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई भारतीय मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत की गई है। आरोप है कि एक आल्टो कार में सवार ये छह लोग उस वक्त नशे में धुत थे, और जश्न मनाने के दौरान ना केवल वे कार की छत पर चढ़ गए, बल्कि चलती कार पर डांस भी करने लगे। इस दौरान उनमें से कई लोगों ने अपना शर्ट भी निकाल दिया था। ऐसे में लोगों ने उनका हुड़दंग मचाने का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। इसी दौरान कई लोगों ने इन वीडियो को शेयर करते हुए यूपी पुलिस से भी शिकायत की थी, जिसके बाद संज्ञान लेते हुए यातायात पुलिस ने इनके खिलाफ तगड़ी चालानी कार्रवाई की।
इन आरोपों के तहत हुआ चालान
पुलिस ने वीडियो में दिख रही आल्टो कार के मालिक के खिलाफ खतरनाक ड्राइविंग, लिखित अनुमति के बिना पब्लिक प्लेस पर रेसिंग और स्पीड ट्रायल, बिना इंश्योरेंस के गाड़ी चलाना और गाड़ी चलाते समय सेफ्टी बेल्ट ना लगाने व ऐसे यात्री को ले जाना जिसने सेफ्टी बेल्ट नहीं पहनी हो जैसे नियम उल्लंघनों को लेकर कार्रवाई की और उसके खिलाफ 67 हजार रुपए का ई-चालान काट दिया।
वायरल वीडियो में दिखा यह सब
घटना का एक जो वीडियो सामने आया है, उसमें हुड़दंग मचाने वाला एक युवक नीचे खड़ा होकर साइड से कार को जोर-जोर से हिलाता नजर आ रहा है, इसी दौरान दो लोग कार की छत पर खड़े होकर मस्ती करते नजर आ रहे हैं। वहीं एक युवक खिड़की पर बैठकर झूमता नजर आ रहा है। हालांकि इसके बाद जब कार चलने लगी तो भी कार की छत पर मौजूद युवक नीचे नहीं उतरे।
यूपी पुलिस ने दिया कार्रवाई करने का निर्देश
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए नोएडा ट्रैफिक पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जांच के बाद, गाड़ी के मालिक पर कई उल्लंघनों के लिए चालान किया गया, जिसमें खतरनाक ड्राइविंग, बिना इंश्योरेंस के गाड़ी चलाना और सेफ्टी बेल्ट न पहनना शामिल है, जिसके लिए 67,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
वायरल वीडियो में से एक का जवाब देते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने लिखा, 'उक्त शिकायत का संज्ञान लेते हुए संबंधित वाहन के विरुद्ध यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार ई-चालान (जुर्माना 67000/- रुपए) की कार्यवाही की गई।' वहीं नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर वाहन चलाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि इस साल ऐसे लोगों के खिलाफ 868 चालान काटे गए, जो पिछले साल से लगभग 56 प्रतिशत अधिक है।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




