गाजियाबाद में शालीमार गार्डन का 80 फुट मेन रोड होगा चौड़ा, सेंट्रल वर्ज बनाने संग होंगे ये काम

हिन्दुस्तान, गाजियबाद, अफजल खान
Follow us on Google News
share

गाजियबाद नगर निगम ने शालीमार गार्डन के डेढ़ किलोमीटर लंबे 80 फुटा रोड को और चौड़ा करने की योजना बनाई है, जिसका काम अगले महीने से शुरू हो जाएगा। इस काम पर 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 

गाजियाबाद में शालीमार गार्डन का 80 फुट मेन रोड होगा चौड़ा, सेंट्रल वर्ज बनाने संग होंगे ये काम

गाजियबाद के शालीमार गार्डन के 80 फुटा रोड का नगर निगम विस्तार करेगा। इसके लिए करीब छह करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। सड़क कम से कम दो लेन की होगी। सड़क के चौड़ीकरण करने के साथ सेंट्रल वर्ज बनेगा और इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई जाएंगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है और अगले माह से निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

शालीमार गार्डन का 80 फुटा रोड प्रमुख संपर्क मार्ग है। एयरपोर्ट के पास मेन वजीराबाद रोड से जुड़े इस मार्ग पर हमेशा यातायात बाधित रहता है। दोनों ओर के वाहनों के लिए एक ही सड़क होने से यहां आए दिन हादसे होते रहते हैं। डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क के कई हिस्सों में चौड़ाई बेहद कम है। इसके अलावा अतिक्रमण और बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह और शाम के समय लोगों को जाम में फंसना पड़ता है। स्कूली वाहन, ई-रिक्शा, ऑटो और भारी वाहनों की आवाजाही के चलते समस्या और बढ़ जाती है। सहायक अभियंता निर्माण विभाग गणेशी लाल ने बताया कि लोगों की समस्या को देखते हुए करीब छह करोड़ रुपये की योजना नगर निगम ने बनाई है। योजना के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर डिवाइडर बनाया जाएगा। दोनों ओर फुटपाथ बनेगा।

अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी

परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण से पहले मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी, अस्थायी निर्माण और अतिक्रमण के कारण कई स्थानों पर सड़क की चौड़ाई कम हो गई है, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। सड़क विस्तार के बाद मार्ग अधिक व्यवस्थित होगा और यातायात के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

एनके चौधरी, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग, नगर निगम, ''शालीमार गार्डन के 80 फुटा रोड का विस्तार करने के लिए करीब छह करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। इसकी टेंडर प्रक्रिया पुरी कर ली गई है। जल्द ही कार्य शुरू किया जाएगा।''

दिन में लाइट चालू, रात में रोड पर अंधेरा

वहीं, वैशाली के कई इलाकों में दिन के समय भी सड़क और पार्कों में लगी लाइटें जल रही हैं। इससे बिजली की बर्बादी हो रही है। लोगों का आरोप है कि रात के समय अंधेरा रहता है और दिन में लाइटें जलती है। स्थानीय निवासी डॉ. सुनील वैध ने बताया कि उन्होंने नगर आयुक्त को शिकायत पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि शिकायत में 15 स्थानों का उल्लेख किया है। दिन में लाइटें जलने से प्रतिदिन करीब नौ यूनिट बिजली की बर्बादी हो रही है, जो महीने में 270 यूनिट तक पहुंच जाती है । उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी नगर निगम और 311 एप पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन बिना कार्रवाई किए शिकायत को बंद कर दिया गया। उन्होंने मामले की जांच कर बिजली बर्बादी को रोकने की मांग की है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsशालीमार गार्डन का 80 फुट मेन रोड होगा चौड़ा, सेंट्रल वर्ज बनाने संग होंगे ये काम