मानसून से पहले तैयारी, गुरुग्राम में सड़क-सीवर समेत कई परियोजनाएं मंजूर; इन गांवों को भी फायदा होगा
गुरुग्राम को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में 142 करोड़ रुपये की 25 विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दी गई।

गुरुग्राम को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित वित्त एवं संविदा कमेटी की बैठक में 142 करोड़ रुपये की 25 विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक मंजूरी दी गई।
शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए इस बजट का एक बड़ा हिस्सा सीवर नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण, नई सड़कों के निर्माण और जलभराव की समस्या को जड़ से खत्म करने पर खर्च किया जाएगा। वहीं, स्वच्छता के क्षेत्र में सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट्स का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
बैठक में घनी आबादी वाले क्षेत्रों की वर्षों पुरानी और जर्जर हो चुकी सीवर व्यवस्था को सुधारने पर विशेष जोर दिया गया। सिविल लाइंस, सदर बाजार, जैकबपुरा और वार्ड-27 जैसे इलाकों में 600 मिमी व्यास वाली पुरानी सीवर लाइनों का पुनर्वास किया जाएगा। इससे शहर के मध्य क्षेत्र में आए दिन होने वाली सीवर ओवरफ्लो की समस्या से हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
मानसून से पहले जल निकासी की तैयारी
जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए सेक्टर-9 और 9ए सहित अन्य प्रभावित इलाकों में स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज (बरसाती नाला) सिस्टम बिछाने और डिस्पोजल नेटवर्क विकसित करने के प्रस्तावों को पास किया गया है। निगम का लक्ष्य है कि मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को मजबूत कर दिया जाए तकि मुख्य सड़कों पर पानी जमा न हो।
गुणवत्ता और समयसीमा पर ध्यान दिया जाएगा
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि ये सभी योजनाएं सीधे तौर पर नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी हैं और इनका उद्देश्य गुरुग्राम को एक व्यवस्थित शहर बनाना है। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीकी गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सड़कों का बिछेगा जाल, गांवों में पहुंचेगी सुविधाएं
बैठक में मदनपुरी, सेक्टर-46, साउथ सिटी-1 और सेक्टर-15 पार्ट-2 सहित कई इलाकों में आरएमसी सड़कों के निर्माण और री-कार्पेटिंग को मंजूरी दी गई है। धनकोट, दौलताबाद, धुमसपुर और मैदावास आदि गांवों में अब शहरी स्तर की सीवर, पेयजल पाइपलाइन और पक्की सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
अटल पार्क को विकसित किया जाएगा
एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत धर्मपुर गांव में अटल पार्क एवं अटल स्मृति केंद्र विकसित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है। इस पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा भी लगाई जाएगी। पार्क में अटल के स्मृति केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट सिस्टम में आधुनिक सीसीएमएस पैनल लगाए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।



