मोदी कैबिनेट में हुई खुली बगावत; CJP वाले सौरव दास ने किया बड़ा दावा, बोले- फिर वे हमसे पूछते हैं…
कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी सौरव दास की पोस्ट को शेयर किया और उसके साथ लिखा, ‘जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद, भाजपा के मंत्रियों का भी डर खत्म हो गया है।’

सससससससनीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए एक नया और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में शामिल कई मंत्रियों ने खुली बगावत कर दी है और इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। जिसके चलते केंद्रीय कैबिनेट में बहुप्रतीक्षित फेरबदल नहीं हो पा रहा है। सौरव दास ने यह दावा सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर किया। उन्होंने बताया कि कैबिनेट के सात वर्तमान मंत्री इस्तीफा देने से इनकार कर रहे हैं। उधर दास की इस पोस्ट को CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी शेयर करते हुए भाजपा सरकार पर तगड़ा कटाक्ष किया।
इससे पहले शनिवार रात को सोशल मीडिया पर शेयर की एक पोस्ट में सौरव दास ने लिखा, 'हमने पहले ही कहा था कि भाजपा में कई अच्छे लोग पार्टी से बहुत नाराज चल रहे हैं, लेकिन ED, IT और CBI के डर से पार्टी छोड़ भी नहीं पा रहे हैं।' आगे उन्होंने कहा, 'अब सत्ता के गलियारों में मौजूद हमारे करीबी दोस्त बता रहे हैं कि केंद्रीय कैबिनेट में खुली बगावत हो गई है।'
'सात मंत्रियों का इस्तीफा देने से इनकार'
आगे उन्होंने काफी बड़ा दावा करते हुए कहा कि, 'खबर है कि मोदी कैबिनेट के सात मंत्रियों ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है, क्योंकि उनका कहना है कि उनका रिकॉर्ड बेदाग रहा है, इसके बाद भी दल-बदलुओं को जगह देने के लिए उनसे इस्तीफा मांगा जा रहा है और उन पर पद छोड़ने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।'
दास बोले- फिर वे हमसे पूछते हैं कि..
सौरव दास ने आगे लिखा कि 'ऐसे में मोदी कैबिनेट में जिस फेरबदल का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था, वह कई मंत्रियों के इनकार करने की वजह से नहीं हो पा रहा है।' इसके साथ ही दास ने तंज मारते हुए कहा कि, 'और फिर वे हमसे पूछते हैं कि जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन से क्या हासिल हुआ।'
दीपके बोले- मंत्रियों का डर भी खत्म हो गया है
उधर कॉकरोच पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी दास की पोस्ट को शेयर किया और उसके साथ लिखा, 'जंतर-मंतर पर हुए विरोध-प्रदर्शन के बाद, भाजपा के मंत्रियों का भी डर खत्म हो गया है...'
संजय राउत ने भी किया था ऐसा ही दावा
एक दिन पहले यानी शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) नेता और सांसद संजय राउत ने भी कुछ ऐसा ही दावा किया था। उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केंद्रीय कैबिनेट में बड़े बदलाव करना चाहते हैं लेकिन अंदरूनी खींचतान के कारण ऐसा करना उनके लिए संभव नहीं है।
राउत बोले थे- चार मंत्रियों ने किया इनकार
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि भाजपा के चार मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों ने त्यागपत्र देने से इनकार कर दिया है और इसकी बजाय वे गृह मंत्री अमित शाह का त्यागपत्र मांग रहे हैं।


