गुरुग्राम में BJP दफ्तर 'गुरुकमल' के पास धारा 163 लागू, इन कामों पर रोक; क्या है इसकी वजह

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम, गौरव चौधरी
Follow us on Google News
share

गुरुग्राम जिला प्रशासन ने आज कांग्रेस नेताओं द्वारा प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ के मद्देनजर जिला भाजपा दफ्तर ‘गुरुकमल’ के आसपास आज धारा 163 लगा दी है। इस दौरान कई तरह की पाबंदियां लागू रहेंगी।

गुरुग्राम के सेक्टर-31 स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय ‘गुरुकमल’ के बाहर कांग्रेस द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ के आयोजन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शहर में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त (डीसी) उत्तम सिंह ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत भाजपा दफ्तर के 300 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा (पाबंदियां) लागू करने के सख्त आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रहे राजनीतिक विवाद के बाद 14 जुलाई को भाजपा कार्यालय के बाहर राम मंदिर में चंदा चोरी के विरोध में सुंदरकांड के पाठ का आयोजन करना था। जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना, किसी भी संभावित हिंसक टकराव को रोकना और आम जनता के लिए यातायात को सुचारू रखना है।

गुरुग्राम पुलिस नोटिस

इन कामों पर रहेगी पूरी तरह रोक

प्रशासन द्वारा जारी किए गए आदेशों के तहत प्रभावित क्षेत्र में निम्नलिखित प्रतिबंध लगाए गए हैं। सक्षम प्राधिकारी (अथॉरिटी) की लिखित अनुमति के बिना 5 या उससे अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्र होने पर पूरी तरह रोक रहेगी। क्षेत्र में आग्नेयास्त्र, तलवार, लाठी, भाला, कुल्हाड़ी, चाकू या ऐसा कोई भी सामान जिससे किसी पर हमला किया जा सके, लेकर चलने की सख्त मनाही है। किसी भी प्रदर्शनकारी या व्यक्ति को सड़क अथवा सार्वजनिक रास्तों को रोकने की इजाजत नहीं होगी, ताकि यातायात प्रभावित न हो।

पुलिस के नोटिस से कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुस्तैद हो गई है। सेक्टर-40 थाना प्रभारी की ओर से जारी नोटिस में कांग्रेस नेताओं को कानून अपने हाथ में न लेने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि किसी भी राजनीतिक दल के कार्यालय के ठीक बाहर इस तरह के धार्मिक आयोजन से दो पक्षों में टकराव की स्थिति पैदा हो सकती है, जिससे शहर की यातायात और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने का खतरा है।

प्रशासन की कार्रवाई पर ऐतराज जताया

नोटिस के मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं ने पुलिस और सत्ताधारी दल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन राव ने देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर प्रशासन की कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताया। वर्धन राव ने कहा, "भगवान श्रीराम और हनुमान जी का नाम लेना तथा सुंदरकांड का पाठ करना देश में कोई अपराध नहीं है। भाजपा खुद को धर्म का ठेकेदार समझती है, लेकिन जब विपक्ष भगवान की आराधना करना चाहता है, तो उन्हें पुलिस का डर दिखाया जा रहा है।"

उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह कार्यक्रम पूरी तरह से फाइनल है और वे अपने तय शेड्यूल के मुताबिक पीछे हटने वाले नहीं हैं।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।