
पेरेंट ध्यान दें! गाजियाबाद में 10 जनवरी तक स्कूल बंद, मगर इन कक्षाओं की नहीं हुई छुट्टियां
कड़ाके की ठंड व शीत लहर को देखते हुए गाजियाबाद जनपद में सभी बोर्ड के स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं, लेकिन ये आदेश सभी कक्षाओं के लिए नहीं आया है।
कड़ाके की ठंड व शीत लहर को देखते हुए गाजियाबाद जनपद में सभी बोर्ड के स्कूलों की छुट्टियां कर दी गई हैं, लेकिन ये आदेश सभी कक्षाओं के लिए नहीं आया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव की तरफ से कहा गया है कि जनपद में अत्यधिक शीतलहर के कारण प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा आठवीं तक के सभी विद्यालय 10 जनवरी तक बंद रहेंगे। इस तरह 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं को चलाया जाएगा। इस तरह का आदेश गौतमबुद्ध नगर के लिए भी जारी किया गया है।
इन कक्षाओं की नहीं हुई छुट्टियां
ये आदेश जनपद के सभी विद्यालयों के लिए आया है कि नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी स्कूल 7 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक बंद रहेंगे। सभी स्कूल इसमें सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत अन्य बोर्ड शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्कूलों के प्रधानाचार्य और प्रधानाअध्यापकों से कहा गया है कि इसे कड़ाई से लागू किया जाए। इसके पीछे का उद्देश्य शीत लहर और कड़ाके की ठंड से छोटे बच्चों को सुरक्षित रखना है। गौतमबुद्ध नगर में भी 10 जनवरी तक के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
गाजियाबाद में भी छाया शीत दिन का असर
आपको बताते चलें कि उत्तर भारत में मंगलवार को कड़ाके की ठंड का प्रकोप देखने को मिला। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के साथ राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में तापमान गिर गया। राजधानी दिल्ली में इस साल का पहला ‘शीत दिवस’ दर्ज किया गया। इसका असर एनसीआर के सभी हिस्सों में देखने को मिला है। इसके चलते ही गाजियाबाद में आठवीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है।
जानिए क्या होता है शीत दिन?
आईएमडी ने कहा कि राजधानी दिल्ली में बुधवार को भी ‘शीत दिवस’ की स्थिति के बने रहने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, शीत दिवस तब घोषित किया जाता है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस कम रहता है।





