दिल्ली में स्कूल ऑफ प्लानिंग के ऑफिस में लगी आग; चारों ओर छाया धुएं का गुबार
राजधानी दिल्ली के विकास मार्ग स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के ऑफिस की दूसरी मंजिल पर सोमवार सुबह आग लग गई। फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर काफी देर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

दिल्ली में आईटीओ के पास स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) की दूसरी मंजिल पर सोमवार सुबह आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियों ने काफी देर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल सकी है। पुलिस और दमकल द्वारा समय रहते इमारत को खाली करा लिया गया था।
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत दमकल की 8 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
आग पर काबू पाया गया
दिल्ली पुलिस ने बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे आईटीओ विकास मार्ग पर स्थित स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) में आग लगने की घटना के संबंध में थाना IP एस्टेट में सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर सब-इंस्पेक्टर योगेश पूनिया पुलिस टीम और बीट स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। SPA में MTS के पद पर काम करने वाले सौरभ शर्मा ने पीसीआर कॉल कर आग की सूचना दी थी। सौरभ ने बताया कि उन्होंने SPA बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के फैकल्टी रूम में धुआं और आग देखी, जिसके बाद उन्होंने पीसीआर कॉल किया।
फायर डिपार्टमेंट द्वारा मौके पर भेजी गई दमकल की 8 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। दमकल के साथ ही 3 एम्बुलेंस, 2 पीसीआर वैन, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस स्टाफ भी सहायता के लिए मौजूद रहा। आग पर सफलतापूर्वक काबू पाकर उसे बुझा दिया गया है। किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि या चोट की सूचना नहीं है। आग लगने के सही कारण का पता अभी लगाया जाना बाकी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और बिल्डिंग में अब कोई आग नहीं बची है।
दिल्ली के मुखर्जी नगर में 3-मंजिला इमारत में आग लगी
इसके साथ ही, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में भी एक 4 मंजिला बिल्डिंग में आग लगने से एक छात्रा घायल हो गई। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, आग इंदिरा विहार में जमीन के अलावा 4 मंजिला इमारत में आग लगी थी। इस बिल्डिंग में पेइंग गेस्ट (PG) चलाया जाता था। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि रविवार रात 10.29 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की पांच गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग कथित तौर पर ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी, जहां बिजली का सामान रखा था और तेजी से फैलती चली गई दूसरी मंजिल तक के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इमारत में रहने वाले सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकलकर्मियों ने रात 12.15 बजे तक आग पर काबू पा लिया। इस घटना में एक छात्रा को मामूली चोटें आईं, जिसे इलाज के लिए पास के एक अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है।
पीटीआई के इनपुट के साथ


