
गाजियाबाद में छात्रा को एक दिन की SHO बनाने में ‘घोटाला’, थाना प्रभारी पर FIR के आदेश; जांच शुरू
गाजियाबाद में ‘मिशन शक्ति’ के तहत एक छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाने में घालमेल किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कमिश्नरेट के एक थाने के प्रभारी ने निजी संबंधों को तवज्जो देते हुए ऐसी लड़की को थाना प्रभारी बना दिया, जो बताए गए स्कूल की छात्रा ही नहीं है।
गाजियाबाद में ‘मिशन शक्ति’ के तहत एक छात्रा को एक दिन का थाना प्रभारी बनाने में घालमेल किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कमिश्नरेट के एक थाने के प्रभारी ने निजी संबंधों को तवज्जो देते हुए ऐसी लड़की को थाना प्रभारी बना दिया, जो बताए गए स्कूल की छात्रा ही नहीं है। मामला सामने के आने के बाद अधिकारियों ने थाना प्रभारी पर मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए हैं।

डीसीपी ग्रामीण के निर्देश पर एसीपी लोनी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रदेश सरकार ने बीते 22 सितंबर से ऑपरेशन मिशन शक्ति-5.0 की शुरुआत की थी। अभियान के तहत प्रदेश पुलिस को महिला संबंधी अपराधों पर नकेल कसने, अपराध और अपराधियों के खिलाफ महिलाओं को जागरूक करने के आदेश दिए गए। साथ ही, तीन माह तक अभियान चलाकर महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के प्रति जागरूक करने, सरकार की योजनाएं बताने और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने को कहा गया।
इसी क्रम में स्कूली छात्राओं को एक दिन का पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी बनाया गया। कमिश्नेट के सभी थानों में बीती 25 सितंबर को स्कूली छात्राओं को एक दिन का थाना प्रभारी बनाया गया, लेकिन ट्रॉनिका सिटी थाने में एक ऐसी लड़की को प्रभारी बनाया गया, जो बताए गए स्कूल से वास्ता ही नहीं रखती थी। बताया जा रहा कि थाना प्रभारी ने एक व्यक्ति से दोस्ती को तवज्जो देते हुए उसकी बेटी को एक दिन की थानाध्यक्ष बना दिया।
स्कूल के इनकार के बाद राज खुला
पुलिस ने प्रेसनोट जारी कर सभी थानों में थाना प्रभारी बनाई गईं छात्राओं और उनके स्कूलों की जानकारी दी। सूची के मुताबिक, ट्रॉनिका सिटी थाने में होली चाइल्ड एकेडमी की छात्रा गायत्री सिंह को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। पोल तब खुली, जब स्कूल प्रबंधन ने गायत्री को अपने स्कूल की छात्रा होने से इनकार कर दिया। होली चाइल्ड एकेडमी प्रतिनिधि अशोक कुमार के मुताबिक, गायत्री सिंह उनके स्कूल की छात्रा नहीं है। गायत्री सिंह के पिता का उनके स्कूल में आना-जाना है। पिता ने स्कूली बच्चियों के साथ अपनी बेटी को थाने पर भेजा था, लेकिन ट्रॉनिका सिटी थाना प्रभारी ने स्कूली छात्रा के बजाय दोस्त की बेटी गायत्री सिंह को स्कूली छात्रा बताकर उसे एक दिन का एसओ बना दिया।
पुलिस कमिश्नर से कार्रवाई कराएंगे : डॉ. हिमानी
मिशन शक्ति केंद्र सिहानी गेट का गुरुवार को निरीक्षण करने पहुंची उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य डॉ. हिमानी अग्रवाल से पूछने पर उन्होंने जानकारी होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो यह गंभीर मुद्दा है। जांच करने और दोषी पर कार्रवाई के लिए वह पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखेंगी।
सिद्धार्थ गौतम, एसीपी लोनी, ''कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर यह मामला सामने आया था। डीसीपी ग्रामीण के निर्देश पर इस मामले की जांच की जा रही । जांच में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाएगी।''





