कॉकरोच पार्टी के नेताओं को BJP से भी ऑफर? सौरभ दास ने कहा- 100 फोन कॉल्स आ रहे
सीजेपी नेता सौरव दास ने कहा कि उन्हें सभी दलों से फोन आ रहे हैं, जिसमें बीजेपी भी शामिल है। दास ने कहा कि सब जगहों से 100 फोन कॉल्स आते हैं। हालांकि, उन्होंने अभी प्रेशर ग्रुप ही बने रहने की इच्छा जाहिर की।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरव दास ने कहा है भविष्य में चुनावी राजनीति में उतरने को लेकर सस्पेंस कायम रखते हुए दावा किया है कि उन्हें कई पार्टियों से ऑफर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोन भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से भी आ रहे हैं। उन्होंने एनडीए में शामिल रामदास आठवले की ओर से अभिजीत दीपके को दी गई बुलाहट का उदाहरण भी दिया।
एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में खड़े होकर 5 मार्च के प्रस्तावित प्रोटेस्ट मार्च को वापस लेने का ऐलान करने वाले सौरव दास ने एक यूट्यब चैनल को दिए इंटरव्यू में ताजा घटनाक्रम पर खुशी जाहिर की और कहा कि उनका संगठन 'स्कूल ठीक करो' समेत अन्य मुद्दों पर काम करता रहेगा। दास ने कहा कि अभी बहुत कुछ ठीक करने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने राजनीति में आने की संभावनाओं से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया।
100 फोन कॉल्स आते हैं, सब जगह से: सौरव दास
दास से सवाल किया गया कि यदि कल उन्हें राहुल गांधी के दफ्तर से फोन आता है तो…? सवाल पूरा होने से पहले ही सौरव ने कबूल किया कि उन्हें सभी दलों से इस तरह से ऑफर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘आज हम लोग प्रेशर ग्रुप हैं। आपको पता है, बहुत लोगों को पता है कि हमें 100 फोन कॉल्स आते हैं सब जगह से, क्योंकि…।'
क्या बीजेपी से भी आया है? यह पूछे जाने पर उन्होंने तपाक से कहा, ‘बीजेपी वालों से भी आया है। सब लोगों से आया है… हमारे साथ आ जाओ। दीपके ने तो बोल भी दिया है। रामदास आठवले ने बोला हमारे साथ आ जाओ। ये सारी चीजें होती हैं। हम झूठ नहीं बोलना चाहते हैं कि हमें आज तक कोई कॉल नहीं आया है। ऐसा हो ही नहीं सकता है।’
'सिस्टम के सड़े लोग चाहते हैं, अच्छे लोग उनके साथ आएं ताकि…'
दास ने आगे कहा कि यह सिस्टम बहुत सड़ा हुआ है। सड़े हुए लोग जो सिस्टम में बैठे हैं वो चाहेंगे कि अच्छे लोग उनके साथ आ जाएं ताकि उनको दिक्कत ना हो। उन्होंने कहा, ‘वह हो रहा है हमारे साथ भी। लेकिन हमारा क्लियर है कि हम प्रेशर ग्रुप हैं। प्रेशर ग्रुप इतना प्रभावशाली है कि सुप्रीम कोर्ट ने 80 साल में जो ऑर्डर आज तक पास नहीं किया वो हम लोगों ने कर दिखाया। वह हमारी वजह से हुआ।’
सोनम वांगचुक को लेकर क्या बोले दास
सौरव दास ने सोनम वागंचुक की ओर से सीजेपी पर की गई टिप्पणियों को लेकर कहा कि उन्होंने बहुत तारीफ की है, लेकिन उन बातों को नहीं दिखाया जा रहा है। राजनीतिक महात्वाकांक्षा को लेकर दास ने कहा कि 10-15 साल बाद कौन क्या करेगा, अभी से नहीं कहा जा सकता है और वो तो चाहते हैं कि अच्छे लोग राजनीति में आएं। सीजेपी की लीगल मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह से भी जब इसी तरह का सवाल किया गया तो उन्होंने इसे भविष्य पर छोड़ा और कहा कि वह वर्तमान में जीती हैं और भविष्य के लिए ज्यादा विचार नहीं करती हैं।


