पहले सौरभ दास और फिर अभिजीत दीपके; 24 घंटे में कैसे एक जैसी गलती पर घिरे दोनों
सौरभ दास और अभिजीत दीपके दो फर्जी पोस्ट करके आलोचकों के निशान पर आ गए। सोशल मीडिया पर लोग उनसे माफी के साथ ही कानूनी कार्रवाई की मांग भी करने लगे।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय संयोजक, सह-संयोजक अभिजीत दीपके और सौरभ दास 24 घंटे के भीतर एक जैसी गलतियों की वजह से सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए। जल्दबाजी में या बिना जांचे-परखे फर्जी फोटो-वीडियो के सहारे भाजपा नेता गौरव भाटिया और राम मंदिर के पहले सीईओ जीतेंद्र मिश्रा को घेरने के चक्कर में खुद ही घिर गए। दोनों ने अपनी गलती मानी, लेकिन आलोचक उनसे माफी और उनके खिलाफ केस दर्ज करने की मांग भी करने लगे हैं।
सबसे पहले बात सौरभ दास की। कुछ ही महीने सीजेपी के प्रवक्ता रहने के बाद सह संयोजक बनाए गए सौरभ दास ने भाजपा नेता गौरव भाटिया का एक ऐसा बयान साझा कर दिया, जो असल में फर्जी था। इसके बाद भाटिया ने उन्हें तुरंत ट्वीट डिलीट करके माफी मांगने को कहा और ऐसा नहीं करन पर एफआईआर कराने की चेतावनी भी दे डाली। सौरभ दास ने अपनी गलती मान ट्वीट तो डिलीट कर दिया, लेकिन उन्होंने अपनी गलती के लिए माफी नहीं मांगी।
पोस्ट डिलीट किया, माफी नहीं मांगी
दरअसल, सौरव दास ने एक न्यूज क्लिप को साझा किया था जिसमें गौरव भाटिया का एक झूठा बयान एआई से एडिट करके प्रसारित किया गया था। इसमें भाटिया का फर्जी बयान लिखा गया था, 'स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवा एक दिमागी नक्सली है उसके अंदर जातिवादी जहर भरा हुआ था। भाजपा सरकार से इसका कोई लेना देना नहीं है।' उन्होंने इस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा था, 'नो कमेंट्स अगेन।'
गौरव भाटिया ने इस पर जवाब देते हुए लिखा, 'यह फेक पोस्ट है। आपके पास 24 घंटे हैं इसे डिलीट करिए और बिना शर्त माफी मांगिए।' सौरभ के ट्वीट डिलीट करने के बाद भाजपा नेता ने कहा, 'केवल 83 मिनट लगे पोस्ट डिलीट करने में। लेकिन माफी नहीं मांगी है। यदि माफी नहीं मांगी गई तो कल एफआईआर दर्ज कराऊंगा। प्रोपेगेंडा फैलाकर, डिलीट करके भाग नहीं सकते हैं।'
सौरभ ने अपनी गलती का अहसास होने पर हंसी की इमोजी के साथ लिखा, 'मुझे बताया गया कि यह एआई से बनाया गया था। बहरहाल मैं चुनौती देता हूं कि भाजपा का कोई नेता इस लाइन को रिपीट करके दिखाए। इसे करने में दिक्कत क्या होनी चाहिए? सहयोगी चिराग पासवान ने गुंडे से पल्ला झाड़ा और एफआईआर भी कराई। क्यों भाजपा में कोई कुछ नहीं कह रहा है? क्या वे गुंडों की जिम्मेदारी ले रहे हैं? '
अभिजीत दीपके ने क्या की गलती?
सौरभ दास के फर्जी दावे पर अभी इंटरनेट पर बहस चल ही रही थी कि अभिजीत दीपके ने इससे भी बड़ी गलती कर दी। उन्होंने राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ जीतेंद्र मिश्रा का बताते हुए किसी और शख्स का वीडियो शेयर कर दिया। इस वीडियो में एक शख्स सिर पर कथित तौर पर शराब की गिलास रखकर नाचता दिख रहा है। दीपके ने इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर दिया कि जीतेंद्र मिश्रा अपनी नियुक्ति का इस तरह जश्न मना रहे हैं। हालांकि, जल्द ही उन्हें भी अपनी गलती का अहसास हो गया।
अब हटाए जा चुके वीडियो के साथ दीपके ने कहा, 'इसमें कुछ गलत नहीं कि कोई अपने जीवन में क्या करता है। मैं बस यह सोच रहा था कि 'धर्म के ठेकेदारों' ने क्या रिएक्शन दिया होता यदि यह व्यक्ति राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ ना होता। इसलिए हम कहते हैं कि किसी को मूर्ख बनाने के लिए अपने धर्म का इस्तेमाल मत करने दो।'
गलती की ओर ध्यान दिलाए जाने के बाद दीपके ने कहा, 'मुझे बताया गया है कि वीडियो में दिख रहा शख्स जीतेंद्र मिश्रा नहीं। हालांकि, जैसाकि मैंने पहले कहा कोई अपने व्यक्तिगत जीवन में क्या करता है यह पूरी तरह उसका मामला है। मेरा पॉइंट किसी शख्स या उसकी पसंद पर नहीं था, बल्कि दोगलेपन पर था कि कैसे व्यक्ति के हिसाब से चीजों को देखा जाता है।'
कैसे घेरे गए सीजेपी नेता, FIR तक की मांग
मनोज सिंह नाम के यूजर ने सीजेपी प्रमुख की ओर से किए गए झूठे दावे पर कहा, 'अभिजीत दीपके ने राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा का फर्जी वीडियो शेयर कर दिया।वीडियो में कोई और शख्स ‘जमाल कुडू’ पर डांस कर रहा था, वो भी नवंबर 2025 का पुराना क्लिप। अब सफाई दे रहे हैं,'मुझे बताया गया कि ये जितेंद्र मिश्रा नहीं हैं।' पहले झूठ फैलाओ, फिर क्लैरिफिकेशन। नुकसान तो हो ही गया ना? शिक्षा का एजेंडा तो इनका कभी था ही नहीं। इसके ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमा चलाया जाना चाहिए।'
कुलदीप पुंडीर नाम के एक्स यूजर ने कहा, 'फेक वीडियो फैलाकर भारतीय सेना और श्रीराम मंदिर को बदनाम करने का खेल आखिर कब तक चलेगा? पहले सौरव दास और अब अभिजीत दिपके- एक ही तरह के भ्रामक वीडियो को बिना सत्यापन के आगे बढ़ाया जा रहा है। क्या राजनीतिक एजेंडे के लिए सेना और श्रीराम मंदिर की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ जायज है? किशन शुक्ला नाम के यूजर ने यूपी पुलिस को टैग करते हुए लिखा, 'अभिजित दीपके द्वारा फर्जी और झूठी खबर फैला कर समाज में नफरत फैलाने का कार्य किया जा रहा इसके ऊपर गंभीर धाराओं मे कार्यवाही होनी चाहिए!'

