पूरे दिन करते रहे इंतजार, नहीं मिले LG; सौरभ भारद्वाज समेत आप पार्षदों को उठा ले गई पुलिस- VIDEO

Ratan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

देर शाम हालात तब और गरमा गए जब सौरभ भारद्वाज समेत कई आप पार्षदों को पुलिस ने हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी आप नेताओं ने लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर दी।

पूरे दिन करते रहे इंतजार, नहीं मिले LG; सौरभ भारद्वाज समेत आप पार्षदों को उठा ले गई पुलिस- VIDEO

दिल्ली के जनकपुरी स्थित एक प्राइवेट स्कूल में तीन साल की बच्ची के साथ कथित रेप मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलने की कोशिश की, लेकिन पूरे दिन इंतजार के बावजूद मुलाकात नहीं हो सकी। देर शाम हालात तब और गरमा गए जब सौरभ भारद्वाज समेत कई आप पार्षदों को पुलिस ने हिरासत में लेकर वहां से हटा दिया। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी आप नेताओं ने लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्वीट कर दी।

दिल्ली आप अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शुरुआत में ट्वीट कर बताया कि वह महिला पार्षदों के साथ एलजी से मिलने पहुंचे हैं। उन्होंने लिखा कि तीन साल की बच्ची के रेप मामले में पीड़िता के परिवार को कथित तौर पर धमकाने वाले डीसीपी और एसएचओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वे एलजी से मिलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एलजी मुलाकात नहीं करेंगे, तब तक वे इंतजार करेंगे।

इसके बाद आप नेताओं ने आरोप लगाया कि जनकपुरी के निजी स्कूल में हुई घटना को दबाने की कोशिश की जा रही है। पीड़िता की मां का आरोप है कि स्थानीय पुलिस अधिकारी परिवार पर दबाव बना रहे हैं। सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट में कहा कि दिल्ली की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर वे पिछले कई घंटों से एलजी कार्यालय के बाहर बैठे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जा रहा।

दिनभर चले इस घटनाक्रम के दौरान आप ने दावा किया कि पहले एलजी कार्यालय की ओर से कहा गया कि सिर्फ महिला पार्षदों से मुलाकात होगी। इसके बाद पार्टी ने तीन महिला पार्षदों को भेजा, लेकिन आरोप है कि उनसे भी मुलाकात नहीं की गई और उन्हें वापस भेज दिया गया।

शाम होते-होते सौरभ भारद्वाज ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि “छोटी बच्चियों के साथ रेप हो रहा है, पुलिस अधिकारी माता-पिता को धमका रहे हैं और आरोपी को पांच दिन में जमानत मिल जाती है। आखिर हम क्या करें?” उन्होंने एलजी और दिल्ली पुलिस कमिश्नर पर मिलने का समय न देने का आरोप लगाया।

रात में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आप नेताओं ने आरोप लगाया कि न्याय की मांग करने पर उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया। हिरासत में लिए जाने के बाद सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट किया- “लड़ेंगे, जीतेंगे।”

आम आदमी पार्टी ने इस पूरे मामले को दिल्ली की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनहीनता से जोड़ते हुए भाजपा और एलजी कार्यालय पर सवाल उठाए हैं। वहीं, इस मामले पर एलजी कार्यालय या दिल्ली पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Ratan Gupta

लेखक के बारे में

Ratan Gupta

रतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।


रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।


लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।


रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।


इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।