सत्य निकेतन में PG के बगल वाली बिल्डिंग कल ही गिराई जाएगी : CM रेखा गुप्ता

नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज सत्य निकेतन की घटना पर बात करते बताया कि हादसे वाली इमारत के ठीक बगल में स्थित एक और खतरनाक बिल्डिंग को कल गिराया जाएगा। 

Rekha Gupta on satya niketan buiding demolistion
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सत्य निकेतन में पीजी के बगल में दूसरी खतरनाक इमारत कल गिराई जाएगी।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज फिर एम्स जाकर सत्य निकेतन की घटना में घायल हुए लोगों के परिवारों से मुलाकात की। इस दर्दनाक घटना में 7 लोगों की मौत हो गई थी। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए रेखा गुप्ता ने यह बताया कि हादसे वाली इमारत के ठीक बगल में स्थित एक और खतरनाक बिल्डिंग को कल गिराया जाएगा।

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सोमवार को सत्य निकेतन इमारत ढहने की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार पति हरिराम गुप्ता और पत्नी उर्मिला गुप्ता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, उनके बेटे महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस रिमांड में भेजा गया है। रविवार को सत्य निकेतन में करीब 50 साल पुरानी एक इमारत ढह गई थी। इस इमारत में लड़कों के लिए पेइंग गेस्ट (पीजी) का संचालन किया जा रहा था। हादसे में सात लोगों की मौत हो गई।

सरकार घायलों और पीड़ित परिवारों को देगी आर्थिक मदद

रेखा गुप्ता ने कहा कि मैं घायल बच्चों से मिली हूं। 12 लोगों को घायल हालत में बाहर निकाला गया था। उनमें से सात की मौत हो चुकी थी। उन सात लोगों में से दो मजदूर थे। एक मजदूर यहां भर्ती है और अभी उसकी हालत ठीक है। उसके पैर में गंभीर चोट है, जिसका इलाज चल रहा है। यहां भर्ती दो बच्चे पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें आज छुट्टी दे दी जाएगी। एक बच्चा आईसीयू में है। उसकी हालत ज्यादा गंभीर है और वहां उसका इलाज चल रहा है। मैं उनके माता-पिता से भी मिली हूं। हमने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उन्हें सबसे अच्छा इलाज दिया जाएगा और सरकार पूरी मदद और सहायता करेगी। हम इन बच्चों और मजदूरों के परिवारों को आर्थिक मदद भी देंगे।

शवों को भेजने के लिए सरकार ने इंतजाम किए

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, वे शव लेकर दिल्ली से जा चुके हैं। सरकार ने सभी जरूरी इंतजाम किए थे और हम सभी माता-पिता के संपर्क में हैं। पीजी हादसे वाली जगह पर ठीक बगल में एक इमारत है—वह इमारत खतरनाक है। उसे असुरक्षित घोषित किया गया है। उसे कल गिराया जाना है।

दिल्ली में पांच मंजिला अवैध इमारतें सील करने का आदेश

बता दें कि, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को बताया था कि दिल्ली में सभी पांच मंजिला अवैध भवनों को तत्काल सील करने के आदेश दिए गए हैं। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब दिल्ली नगर निगम के अधिकारी ‘खतरनाक’ और ‘जर्जर’ भवनों की पहचान के लिए नए सिरे से सर्वे कर रहे हैं।

एमसीडी ने सोमवार को एक आदेश जारी कर अधिकारियों को ऐसे भवनों के खिलाफ डीएमसी एक्ट के तहत तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सहायक अभियंताओं को नियमित क्षेत्रीय निरीक्षण करने और निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है तथा ढही हुई इमारत के मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्यवाही जारी है।

गुप्ता ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''दिल्ली भर में अनधिकृत पांचवीं मंजिल वाले भवनों को तत्काल सील करने के आदेश दिए गए हैं। आसपास के पीजी और अन्य भवनों की भी गहन जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर सीलिंग सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।''

दिल्ली में मकान बनाने के लिए क्या नियम

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की 2016 की भवन उपविधियों के अनुसार 17.5 मीटर से अधिक ऊंचाई वाली इमारतों को हाई-राइज इमारत माना जाता है। दिल्ली में 17.5 मीटर की सीमा के भीतर निवासी अधिकतम चार मंजिल और स्टिल्ट पार्किंग का निर्माण कर सकते हैं, जिससे कुल पांच मंजिल की इमारत बन सकती है। स्टिल्ट पार्किंग के बिना भवन की ऊंचाई 15 मीटर तक सीमित है।

भाषा के इनपुट के साथ

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsसत्य निकेतन में PG के बगल वाली बिल्डिंग कल ही गिराई जाएगी : CM रेखा गुप्ता