सत्य निकेतन हादसाः लकड़ी और वायरल वीडियो ने बचा ली जान, 4 दिन पहले ही रहने आया था
दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में घायल हुए दो छात्रों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। ट्रॉमा सेंटर में अभी भी दो मरीज मर्ती हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, सफदरगंज अस्पताल में भर्ती एक छात्र की हालत भी स्थिर बताई जा रही है।

जाको राखे साइयां मार सके न कोय...। दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे में एक बार फिर यह कहावत चरितार्थ सही साबित हुई। महज चार दिन पहले इस बिल्डिंग में रहने आए एक छात्र की जान छत में लगी लकड़ी और 10 सेकेंड के वीडियो के कारण बच गई। हादसे में घायल हुए छात्र को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में घायल हुए आदित्य और नीतीश नामक दो छात्रों को मंगलवार को एम्स ट्रॉमा सेंटर से छुट्टी दे दी गई। वे दोनों अब काफी हद तक ठीक हैं। ट्रॉमा सेंटर में अभी दो मरीज भर्ती हैं। जिसमें से एक मरीज की हालत गंभीर है। दूसरे मरीज की हालत स्थिर बनी हुई है। इसके अलावा सफदरजंग अस्पताल में अभी एक छात्र भर्ती है। उसकी भी हालत स्थिर है।
खास बात यह कि आदित्य वही छात्र है जिसका मलबे में दबे होने का दस सेकेंड का एक वीडियो वायरल हुआ था। छत की सीलिंग से लगी लकड़ी और उस वायरल वीडियो ने उसकी जान बचा ली। आदित्य बिहार के पटना के पुनपुन का रहने वाला है। वह बी-कॉम प्रथम वर्ष का छात्र है। उसके मौसा अविनाश ने बताया कि उसके पिता राजू कुमार पोस्ट आफिस में नौकरी करते हैं। आदित्य पहले मुखर्जी नगर में रहता था। चार दिन पहले ही इस पीजी में रहने के लिए आया था। घटना में उसके पैर व हाथ में चोट लगी है। पैर में फ्रैक्चर भी नहीं था।
उन्होंने बताया कि भवन गिरने पर छत की सीलिंग से लगी लकड़ी पहले आदित्य पर गिरी। छत का मलबा लकड़ी के ऊपर गिरा। वहीं, एम्स के मीडिया डिविजन की प्रभारी डा. रीमा दादा ने बताया एक मरीज नीरज अभी आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर। एक अन्य मरीज असगर अली की हालत स्थिर है।
अविनाश ने बताया कि छत की सीलिंग पर लगी उस लकड़ी ने आदित्य की जान बचा ली। ईश्वर की कृपा और उसकी किस्मत अच्छी थी, वरना यह घटना दिल दहला देने वाली है। उन्होंने बताया कि मलबे के नीचे दबे होने का उसका एक वीडियो वायरल हो रहा था। आदित्य ने वीडियो बनाकर इस उम्मीद में भेजा था कि उसे ढूंढ लिया जाएगा।
पढ़ाई से पहले ठिकाने की चिंता
सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद खतरनाक घोषित तीन इमारतों को खाली कराने से वहां रहने वाले छात्रों की पढ़ाई अचानक ठप हो गई है। अब सुबह कॉलेज जाने के बजाय छात्र अपना नया ठिकाना तलाश रहे हैं। सोमवार सुबह खतरनाक घोषित इमारतों के बाहर पहुंचे कई छात्र हाथों में बैग और जरूरी सामान की सूची लिए खड़े थे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें अपने कमरों में जाने की अनुमति नहीं मिली। छात्रों ने वीडियो कॉल के जरिए दमकलकर्मियों को अपने कमरे दिखाए और जरूरी सामान बाहर निकलवाया। मोती लाल नेहरू कॉलेज की छात्रा दिव्या बताती हैं कि दो दिन से पढ़ाई की किताबें और कई जरूरी सामान कमरे में ही बंद हैं।

