सत्य निकेतन हादसा: बिल्डिंग मालिक हरिराम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, कई राज्यों में रेड
दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में पांच मंजिला बिल्डिंग गिरने के बाद से फरार चल रहे बिल्डिंग मालिक हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। इस हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस की 10 टीमें कई राज्यों में आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही हैं।

दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में गिरी पांच मंजिंला बिल्डिंग के मालिक हरि राम के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई ह। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि यह नोटिस तब जारी किया गया जब इस घटना के लिए कथित तौर पर जिम्मेदार लोगों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि फरार हरिराम को पकड़ने के लिए 10 अलग-अलग टीमें बनाई हैं। इन टीमों में लोकल डिस्ट्रिक्ट पुलिस, स्पेशल स्टाफ और दूसरी ऑपरेशनल यूनिट के लोग शामिल हैं। हर टीम की अगुवाई एडिशनल डीसीपी रैंक का एक अफसर कर रहा है। हरिराम को पकड़ने के लिए पुलिस दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर रही है।
इन आरोपों में दर्ज हुआ है मुकदमा
इससे पहले, पुलिस ने साउथ कैंपस थाने में हरि राम और अन्य लोगों पर गैर-इरादतन हत्या, बिल्डिंग के रखरखाव में लापरवाही और दूसरों की सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में एफआईआर दर्ज किया था।
अब तक 12 लोग किए गए रेस्क्यू
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास ब्यॉज पेइंग गेस्ट वाली यह बिल्डिंग रविवार को दोपहर करीब 1.30 बजे गिर गई थी। हादसे के समय वहां मरम्मत का काम चल रहा था। सोमवार को सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन के दूसरे दिन तक मलबे से 12 लोगों को बचाया जा चुका है।
एमसीडी अफसरों पर भी होगी सख्त कार्रवाई : रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह एक बार फिर सत्य निकेतन में घटनास्थल का दौरा कर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिल्डिंग मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जिम्मेदार पाए जाने वाले एमसीडी अफसरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली में अवैध पांच मंजिला इमारतों को तुरंत सील करने, आसपास के PG और इमारतों का गहन निरीक्षण, उल्लंघन पाए जाने पर सील करने के निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दिल्ली के निवासियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और लापरवाही के मामलों में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
CM रेखा गुप्ता ने दिए ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को बताया कि दिल्ली सरकार ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और इमारत के मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया है।
दिल्ली CMO के अनुसार, यह फैसला घटनास्थल के निरीक्षण और घटना के शुरुआती आकलन के बाद लिया गया। कार्यालय ने कहा कि इस गंभीर घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाएगा और कानून के सबसे सख्त प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।


