
फरीदाबाद पहुंची बाबा बागेश्वर की सनातन एकता यात्रा; ग्रेट खली और क्रिकेटर शिखर धवन भी जुड़े
Sanatan Hindu Ekta Yatra : बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा’ शनिवार सुबह फरीदाबाद में प्रवेश कर गई। क्रिकेटर शिखर धवन भी इस यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पाली चौक पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
Sanatan Hindu Ekta Yatra : बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा’ शनिवार सुबह फरीदाबाद में प्रवेश कर गई। रेसलर द ग्रेट खली से लेकर क्रिकेटर शिखर धवन भी इस यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पाली चौक पर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। पदयात्रा के दौरान कई सड़कों पर जाम लगने और रूट डायवर्जन के चलते फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार 7 नवंबर को शुरू हुई यह पदयात्रा 16 नवंबर को वृंदावन में संपन्न होगी।

पदयात्रा के स्वागत के लिए ईएसआईसी चौक से सैनिक कॉलोनी चौक तक लोगों ने यात्रा मार्ग पर स्थित अपने घरों की छतों पर जय श्री राम लिखे झंडे लगाए। पदयात्रा के दौरान पूरे रोड पर जगह-जगह भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने यात्रा मार्ग में खड़े वाहनों को हटवा दिया।
फरीदाबाद में उत्साह, पाली में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया स्वागत
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा आज सुबह जैसे ही हरियाणा के फरीदाबाद जिले में पहुंची, माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। दिल्ली के छतरपुर से शुरू हुई यह यात्रा आज अरावली के मांगर कट से होते हुए पाली पहुंची। पदयात्रा में बाबा बागेश्वर के साथ क्रिकेटर शिखर धवन भी शामिल हैं। इस बीच मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। पाली चौक पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मनोहर लाल के स्वागत के बाद यात्रा पाली चौक से आगे बढ़ गई है। यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालु नाचते-गाते, भजन-कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। हाथों में भगवा ध्वज और धार्मिक जयघोष के बीच माहौल आध्यात्मिक और उत्साहपूर्ण बना हुआ है। जगह-जगह श्रद्धालुओं की सेवा के लिए पानी-फल प्रसाद की व्यवस्था की गई है।
यात्रा दोपहर में पाली के पास स्थित बायो मेडिकल कॉलेज में विश्राम करेगी। इसके बाद यह बड़खल-पाली रोड, मस्जिद चौक और ईएसआई चौक से होती हुई एनआईटी के दशहरा मैदान पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। यात्रा के मद्देनजर पुलिस ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।
गुरुग्राम फरीदाबाद चौक को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद होने से गुरुग्राम जाने वाले यात्रियों को काफी दिक्कत हो रही है। ऐसे में चौक पर भारी जाम लग गया। लोग जबर्दस्ती चौक से जाने का प्रयास कर रहे थे, उन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर दूर कर दिया। गुरुग्राम जाने वाले लोगों को सैनिक कॉलोनी चौक से वाहन चालकों को पाली रोड की तरफ मोड़ दिया गया।
यात्रा में झंडा-माला की बिक्री से लोगों को मिला रोजगार
सनातन एकता यात्रा से पूरा शहर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आ रहा है। इसमें श्रद्धा और रोजगार दोनों का संगम दिखाई दे रहा है। यात्रा के दौरान जगह-जगह झंडे और माला की बिक्री हो रही है, जिससे कई लोगों को अस्थायी रोजगार मिल गया है। सनातन यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। टीएचएसटीआई के समीप हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा में शामिल लोग गले में माला और हाथों में झंडा लिए हुए नजर आ रहे हैं। झंडों की कीमत 100 रुपये से 500 रुपये तक है, जबकि माला 50 से 200 रुपये तक बिक रही है। छोटे-बड़े हर प्रकार के झंडे और माला बेचने वाले लोग यात्रा मार्ग पर मौजूद हैं।
श्रद्धालुओं के जत्थे लगातार आते जा रहे हैं और सीताराम के भजन गाते हुए आगे बढ़ रहे हैं। प्रशासन की ओर से भोजन, पानी और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यात्रा में कई आकर्षक झांकियां भी शामिल हैं, जिन्हें देखने के लिए लोग रास्तों के किनारे खड़े हैं। हर ओर जय श्रीराम और सीताराम के जयघोष गूंज रहे हैं। ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो पूरा शहर भक्ति और आस्था में डूब गया हो।
यात्रा का शेड्यूल एवं ट्रैफिक अपडेट
8 नवंबर : सुबह 8 बजे से यात्रा समाप्ती तक फरीदाबाद–गुरुग्राम (पाली–मांगर) मार्ग बंद
रात्रि विश्राम: दशहरा मैदान, एनआईटी
9 नवंबर : सुबह 7 बजे से दशहरा ग्राउंड एनआईटी से सोहना टी-पॉइंट व बल्लबगढ़ दशहरा मैदान तक मार्ग बंद
रात्रि विश्राम: शगुन वाटिका, सीकरी
10 नवंबर : यात्रा शगुन गार्डन सीकरी से पलवल के लिए रवाना होगी
वैकल्पिक मार्ग : अनखीर चौक से आने-जाने वाले सूरजकुंड–शूटिंग रेंज–महरौली या मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग का उपयोग करें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यात्रा मार्गों से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग कर सहयोग दें।





