Sahibi River Map : लुप्त हो चुकी साहिबी नदी का नक्शा पहली बार सैटेलाइट इमेज से हुआ तैयार

Sep 23, 2024 07:48 am ISTPraveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली। संजय कुशवाहा
share

कभी राजस्थान से हरियाणा होते हुए दिल्ली तक बहने वाली साहिबी नदी (Sahibi River) अब खो गई है। यह नदी पूरे इलाके का बारिश का पानी एकत्रित कर नजफगढ़ झील के रास्ते यमुना तक पहुंचती थी।

Sahibi River Map : लुप्त हो चुकी साहिबी नदी का नक्शा पहली बार सैटेलाइट इमेज से हुआ तैयार

कभी राजस्थान से हरियाणा होते हुए दिल्ली तक बहने वाली साहिबी नदी (Sahibi River) अब खो गई है। यह नदी पूरे इलाके का बारिश का पानी एकत्रित कर नजफगढ़ झील के रास्ते यमुना तक पहुंचती थी। सैटेलाइट से प्राप्त तस्वीरों के जरिये पहली बार खोई हुई साहिबी नदी का नक्शा तैयार किया गया है। इससे नदी के पुनर्जीवन की आशा बढ़ गई है।

दिल्ली में आज के दौर में ज्यादातर लोग केवल यमुना को ही जानते हैं, लेकिन दिल्ली के एक हिस्से से होकर साहिबी नदी भी बहती थी और अच्छे मॉनसून के सीजन में इस नदी में कभी-कभी इतना पानी आ जाता था कि बाढ़ में कई हिस्से डूब जाते थे। अब विरासतों के संरक्षण के लिए काम करने वाली संस्था इनटेक (इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चर हैरिटेज) ने साहिबी नदी के पूरे बेसिन का नक्शा तैयार किया है।

Sahibi river map

मसानी बैराज बनने के बाद प्रवाह बाधित हुआ : दिल्ली और हरियाणा के बड़े हिस्से में वर्ष 1977 में आई बाढ़ के बाद रेवाड़ी के मसानी गांव के पास इस नदी पर बैराज बनाया गया। इसके बाद से ही इस नदी का प्रवाह बाधित होने की बात कही जाती है।

लोगों को जागरूक करने की जरूरत : नजफगढ़ क्षेत्र में साहिबी नदी के संरक्षण को लेकर अभियान चलाने वाले दिल्ली पंचायत संघ का कहना है कि नजफगढ़ ड्रेन के किनारे सेल्फी पॉइंट बनाकर लोगों को जागरूक करना चाहिए।

राजस्थान से दिल्ली तक बहती थी नदी

साहिबी नदी राजस्थान के सीकर जिले में सैवार पहाड़ियों से निकलकर राजस्थान के अलवर जिले, दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी से होते हुए बहती थी। गुरुग्राम के पटौदी में इंदौरी और बादशाह नाले से इसमें पानी और ज्यादा हो जाता था। यहां से निकलकर यह नदी नजफगढ़ झील तक पहुंचती थी, लेकिन अब इसका अस्तित्व खत्म हो गया है।

नेचुरल हैरिटेज डिवीजन, इनटैक के कार्यक्रम निदेशक मनु भटनागर ने कहा, ''यह अच्छे मॉनसून में बहने वाली नदी थी। अलवर, रेवाड़ी और गुरुग्राम तक के बरसाती पानी को यह नजफगढ़ झील में पहुंचाती रही है। पिछले वर्षों में नदी की जमीन को हथिया लिया गया है, जिसके चलते एक नदी की हत्या हो गई है।''

पर्यावरणविद् दीवान सिंह ने कहा, ''दक्षिण हरियाणा और दिल्ली के लिए बरसाती पानी की निकासी का एकमात्र स्त्रोत साहिबी नदी रही है। इसे बचाया जाना अत्यंत जरूरी है।''

स्थानीय निवासी सूरजभान ने कहा, ''साहिबी नदी हमारे बचपन की यादों का हिस्सा रही है। इसमें आई बाढ़ का जिक्र आज भी लोग करते हैं। इस नदी का संरक्षण होना चाहिए।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।