
दिल्ली में डेटिंग एप पर सिंगल लड़कों को फंसाने वाला रोमियो, करोड़ों की ठगी में ऐसे चढ़ा हत्थे
दिल्ली में डेटिंग एप पर सिंगल लड़कों को फंसाने वाला रोमियो पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी विदेशी नागरिक है। और अब तक 14 मामलों में लड़कों से करोड़ों की ठगी कर चुका है।
दिल्ली में ऑनलाइन डेटिंग के नाम पर होने वाली एक बड़ी साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक उगांडाई नागरिक माइकल इगा को बुराड़ी से गिरफ्तार किया है। यह सोशल मीडिया पर लड़कियों की फर्जी पहचान बनाकर लोगों को ठगता था। आरोपी लंबे समय से दिल्ली–एनसीआर में ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। इस पर साइबर ठगी के 14 मामले दर्ज हैं। यह करोड़ों की ठगी कर चुका है।
क्या था मामला?
किशनगढ़ के रहने वाले एक व्यक्ति ने NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें डेटिंग ऐप Happn पर एक लड़की से मुलाकात हुई। उसने खुद को “Echem” नाम की ब्यूटी प्रोडक्ट कंपनी की कर्मचारी बताया और पहले भरोसा जीता। इसके बाद उसने एक कथित “बिज़नेस अवसर” का लालच दिया-असम का एक “दुर्लभ तेल” 2 लाख रुपये प्रति लीटर में खरीदकर 3.5 लाख में बेचने का दावा किया गया।
पीड़ित उसकी बातों में आ गया और अलग-अलग खातों में ₹1,90,000 भेज दिए। रकम मिलते ही वह महिला उसे ब्लॉक कर गायब हो गई। बाद में पता चला कि तेल का धंधा, कंपनी, पहचान सबकुछ पूरी तरह फर्जी था। पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपी को अरेस्ट किया।
कैसे पकड़ा गया ‘फर्जी रोमियो’?
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी निगरानी और पैसे की ट्रेल को ट्रैक किया। कई बार गुरुग्राम, महरौली और बुराड़ी में छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर बचता रहा। आखिरकार लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने उसे बुराड़ी से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को करीब 22 हजार रुपए, 4 फोन, एक लैपटॉप, 6 डेबिट कार्ड मिले। साथ ही पता चला कि आरोपी के खिलाफ NCRP पोर्टल पर 14 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं, जिनमें कुल रकम कई करोड़ रुपये बताई जा रही है।
कैसे करता था ठगी?
पूछताछ में आरोपी माइकल इगा ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड की तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी महिला प्रोफाइल बनाता था। डेटिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोस्ती कर वह लोगों को भावनात्मक रूप से फंसा लेता था। इसके बाद हाई-रिटर्न वाले नकली निवेश स्कीम का झांसा देता और पैसे मिलते ही मोबाइल नंबर बदलकर गायब हो जाता। वह दिल्ली में गैरकानूनी तरीके से रह भी रहा था। घटना की जानकारी उगांडा दूतावास और FRRO को भेज दी गई है।





