नोएडा में मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी सड़क, महामाया फ्लाईओवर के पास उतरेगी
नोएडा में बनाई जाने वाली एक एलिवेटेड रोड का कुछ हिस्सा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी। आईआईटी रुड़की ने इस प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को सौंप दी है। इस पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है।

नोएडा में महामाया फ्लाईओवर से यमुना पुस्ते को जोड़ने के लिए बनाई जाने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड कुछ हिस्से में करीब 20 मीटर ऊंची होगी। यहां से मजेंटा मेट्रो लाइन का ट्रैक निकल रहा है। इस वजह से ऊंचाई अधिक रखी गई है। ऐसे में एलिवेटेड रोड मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी।
आईआईटी ने इस परियोजना की डीपीआर प्राधिकरण को सौंप दी है। दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से नोएडा के महामाया फ्लाईओवर तक चिल्ला एलिवेटेड रोड बनाई जा रही है। यह एलिवेटेड रोड दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से ही बन रही है। इसको मयूर विहार फ्लाईओवर से जोड़ा जाना है। नोएडा में यह एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर के पास उतरेगी। यहां से सेक्टर-94 यमुना पुस्ते को जोड़ने के लिए करीब दो किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनाई जाएगी। यह एलिवेटेड रोड मेट्रो के मजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगी। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक शहर में दो एलिवेटेड रोड बनी हैं।
300 करोड़ की लागत आने का अनुमान
आईआईटी रुड़की ने इस प्रस्तावित एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार कर प्राधिकरण को सौंप दी है। इस पर करीब 300 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। धनराशि में बदलाव भी हो सकता है। आईआईटी की टीम ने प्राधिकरण अधिकारियों को बताया कि मेट्रो रूट की हाइटेंशन लाइन 17 मीटर है। इससे तीन मीटर ऊंचे से एलिवेटेड रोड को गुजारना होगा। निर्माणाधीन चिल्ला एलिवेटेड से यह एलिवेटेड जुड़कर महामाया फ्लाईओवर और दलित प्रेरणा स्थल के बीच सड़क को पार करेगी।
यमुना पुस्ते की दो महीने में मरम्मत होगी
सिंचाई विभाग ने यमुना पुस्ते की मरम्मत का काम शुरू करा दिया है। इसको पूरा होने में करीब दो महीने का समय लगेगा। प्राधिकरण इसके लिए पहली किस्ते के रूप में रुपये दे चुका है। सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक यमुना पुस्ता बना है। यह कई जगह से उखड़ा है। बारिश में यहां से सफर मुश्किल हो जाता है। यहां से काफी संख्या में गांव, सेक्टर और सोसाइटी में रहने वाले लोग गुजरते हैं। अब इसकी मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पुस्ते का यह हिस्सा करीब 11 किलोमीटर का है। करीब 35 करोड़ रुपये से सड़क की मरम्मत और नई परत बिछाने का काम कराया जाएगा। जून में पहली किस्ते के रूप में प्राधिकरण सिंचाई विभाग को 11 करोड़ रुपये दे चुका है। प्राधिकरण ने तीन बार सिंचाई विभाग के साथ बैठक कर जानकारी भी ली थी। अधिकारियों ने बताया कि चार लेन की यह पुस्ता रोड वर्ष 2014 में बनी थी। इसके बाद से मरम्मत नहीं हुई, जिसके चलते पूरी सड़क उखड़ चुकी है।


