काम की बात: गुरुग्राम में दिल्ली रोड से हाईवे को जोड़ने वाली सड़क होगी 3 लेन, नोएडा पहुंचना भी होगा आसान

हिन्दुस्तान, गुरुग्राम
Follow us on Google News
share

दिल्ली और नोएडा से गुरुग्राम आने वालों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें जाम के झाम से निजात मिलने वाली है। एचएसआईआईडीसी ओल्ड दिल्ली रोड से जयपुर हाईवे को जोड़ने वाली सड़क तीन लेन का करने जा रहा है। अभी दो लेन की इस सड़क पर सुबह-शाम वाहनों का भारी दबाव रहता है।

गुरुग्राम में दिल्ली रोड से हाईवे को जोड़ने वाली सड़क होगी 3 लेन, नोएडा पहुंचना भी होगा आसान

गुरुग्राम में रोजाना सुबह-शाम को लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए ओल्ड दिल्ली रोड से जयपुर हाईवे को जोड़ने वाली सड़क तीन लेन की बनाई जाएगी। हरियाणा राज्य औद्योगिक और बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) इस पर 22 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके अलावा शहर की एक और सड़क और एक फ्लाईओवर को चौड़ा करने की भी योजना तैयार की गई है।

मई में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उपायुक्त के सामने जाम से राहत दिलाने के लिए प्रस्ताव रखा गया था। बैठक में चर्चा होने के बाद एचएसआईआईडी और लोक निर्माण विभाग ने योजना पर काम शुरू कर दिया है। इस योजना का सबसे महत्वपूर्ण और पहला हिस्सा उद्योग विहार से जुड़ा है। उद्योग विहार में मारुति उद्योग और देश-विदेश की सैकड़ों नामी आईटी और कॉर्पोरेट कंपनियां स्थित हैं, जहां रोजाना दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम के अन्य इलाकों से लाखों कर्मचारी आते हैं। पीक आवर यानी सुबह साढ़े आठ से ग्यारह बजे और शाम को साढ़े पांच से रात साढ़े आठ बजे के बीच वाहनों की लंबी कतार लग जाती है।

मौजूदा सड़क संकरी होने से लगता है जाम

योजना के तहत उद्योग विहार के श्याम चौक से लेकर शंकर चौक (एनएच-48 के पास) तक जाने वाली सड़क को दो लेन से बढ़ाकर तीन लेन किया जाएगा। वर्तमान में सड़क संकरी होने के कारण हाईवे से उद्योग विहार में प्रवेश करने और वहां से बाहर निकलने वाले वाहनों का दबाव यह सड़क नहीं झेल पाती है।

जाम से राहत दिलाने के लिए हुआ ट्रायल

श्याम चौक से शंकर चौक तक जाने वाली रोड पर जाम से राहत दिलाने के बाद ट्रैफिक पुलिस के साथ-साथ कई कॉरपोरेट कंपनियों ने भी योजना तैयार की। इसका ट्रायल भी हुआ, लेकिन जाम से राहत नहीं मिली। ऐसे में इस रोड को अब दो लेन से तीन लेन करने की योजना तैयार की गई है।

सोहना-पलवल रोड भी चौड़ी होगी

सोहना-पलवल मार्ग गुरुग्राम को रेवाड़ी और केएमपी एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम करता है। वाणिज्यिक वाहनों की भारी आवाजाही के कारण इस रोड पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से दिल्ली, सोहना और पलवल के बीच की कनेक्टिविटी बेहद सुगम हो जाएगी।

एफओबी और फुटपाथ का भी निर्माण होगा

श्याम चौक और शंकर चौक के बीच हजारों की संख्या में श्रमिक और कॉर्पोरेट कर्मचारी पैदल चलकर सड़क पार करते हैं। चलती गाड़ियों के बीच सड़क पार करने से हमेशा हादसे का डर बना रहता है। इससे गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी होती है। इसलिए इस मार्ग पर एक आधुनिक फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा, ताकि राहगीर बिना खतरे के सड़क पार कर सकें और नीचे का ट्रैफिक निर्बाध रूप से चलता रहे और फुटपाथ का भी निर्माण होगा।

फ्लाईओवर की चौड़ाई बढ़ाने की योजना

योजना के दूसरे और तीसरे चरण में शहर के दो अन्य महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों को शामिल किया गया है। ओल्ड गुरुग्राम और नए विकसित हो रहे एक्सप्रेसवे के सेक्टरों को जोड़ने वाला यह फ्लाईओवर वर्तमान में भारी वाहनों और स्थानीय ट्रैफिक के बढ़ते दबाव के कारण छोटा पड़ने लगा है। इसके कारण रोजाना पीक आवर में जाम लगता है। इसे दोनों तरफ से चौड़ा करने की योजना है।

22 करोड़ रुपये का खर्च आएगा

एचएसआईआईडीसी के डीजीएम अरुण गर्ग ने बताया कि श्याम चौक से शंकर चौक तक की रोड को चौड़ा किया जाएगा, ताकि जाम में राहगीरों को फंसना न पड़े। इस रोड को दो से तीन लेन करने की योजना तैयार की गई है। इस पर लगभग 22 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद काम शुरू होगा।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।